home page

आउटसोर्स कर्मियों की बेहतर कैरियर प्लानिंग पर ध्यान दें : एमडी सुनील तिवारी

 | 
आउटसोर्स कर्मियों की बेहतर कैरियर प्लानिंग पर ध्यान दें : एमडी सुनील तिवारी


इंदौर, 12 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक (एमडी) सुनील तिवारी ने अधिकारियों से कहा है कि आउटसोर्स कर्मियों से उनकी योग्यता के अनुरूप कार्य लिया जाए तथा उनकी बेहतर कैरियर प्लानिंग और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।

प्रबंध संचालक तिवारी मंगलवार को मुख्यालय में आयोजित बैठक में मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बैठक में आउटसोर्स कर्मियों से संवाद करते हुए उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एमपी ट्रांसको में कार्य का अनुभव कई कर्मियों के लिए अन्य संस्थाओं में अवसरों का आधार बना है।

तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आउटसोर्स कर्मियों को रोटेशन के आधार पर विभिन्न प्रभागों में कार्य का अवसर दिया जाए, ताकि उन्हें विविध कार्य प्रणालियों का अनुभव मिल सके। बैठक में उन्होंने बेहतर कार्य संस्कृति, एआई एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण समर्पण से कार्य करें, अन्यथा आवश्यकता अनुसार उनका फील्ड में स्थानांतरण किया जा सकता है। बैठक में मुख्य अभियंता (एचआर) धीरेंद्र सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर