home page

मप्र में गन्ने का दाम 600 रुपये करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे किसान, नेशनल हाईवे किया जाम

 | 
मप्र में गन्ने का दाम 600 रुपये करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे किसान, नेशनल हाईवे किया जाम


मप्र में गन्ने का दाम 600 रुपये करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे किसान, नेशनल हाईवे किया जाम


मप्र में गन्ने का दाम 600 रुपये करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे किसान, नेशनल हाईवे किया जाम


नरसिंहपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को आठ किसान संगठनों के करीब 300 सदस्यों ने नरसिंहपुर से सागर जाने वाले नेशनल हाईवे-44 पर चक्काजाम कर दिया।

किसानों का गुरुवार दोपहर में नेशनल हाईवे पर पहुंचना शुरू हो गया था। प्रदर्शनकारी किसान करेली शुगर मिल की ओर भी बढ़े और मिल बंद कराने की चेतावनी दी। आंदोलन को देखते हुए पांच थानों की पुलिस सहित करीब 100 जवान तैनात किए गए हैं।

किसानों के सड़क पर बैठने से हाईवे पर ट्रकों और अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर यातायात बहाल कराने की कोशिश की। टट्टा पुल के पास प्रदर्शन कर रहे किसानों को अधिकारी समझाइश दे रहे हैं। पुलिस भी किसानों को सड़क से हटाने का प्रयास कर रही है।

किसान संगठनों का कहना है कि मध्य प्रदेश में गन्ने की कीमत तय करने के लिए स्पष्ट नीति नहीं है। किसान नेता देवेंद्र पाठक ने कहा कि प्रदेश में गन्ना नीति लागू की जाए और किसानों को उचित समर्थन मूल्य के साथ बोनस भी दिया जाए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के साथ बैठक कराने की मांग भी रखी।

खैरी नाका के किसान सतेंद्र जाट ने कहा कि उनके पास छह एकड़ जमीन है और पूरे खेत में गन्ने की फसल लगाई है। किसानों को लागत और मेहनत के अनुरूप कीमत मिलनी चाहिए। उनकी मांग है कि गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।

तीन बैठकों के बाद भी नहीं निकला समाधान

राष्ट्रीय किसान आर्मी के दीपक कौरव ने बताया कि किसानों ने कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारियों और मिल संचालकों के साथ तीन बार बैठक की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। उन्होंने कहा कि मिल संचालकों को फैक्ट्रियां चलानी हैं तो किसानों को भी उचित लाभकारी मूल्य देना होगा। मांगों पर सहमति नहीं बनी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

किसान ऋषिराज पटेल ने दावा किया कि मध्य प्रदेश के कुल गन्ना उत्पादन का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा नरसिंहपुर जिले में होता है। उन्होंने जिले में सरकारी शुगर मिल स्थापित करने की मांग की, ताकि किसानों को बेहतर सुविधाएं और फसल का उचित मूल्य मिल सके। उनका कहना है कि दूसरे राज्यों में गन्ना किसानों को बोनस दिया जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश में ऐसी व्यवस्था नहीं है।

किसान लोकेश पटेल ने कहा कि पिछले साल शक्कर का भाव 45 रुपये था, जो अब बढ़कर 60 रुपये हो गया है। इसके बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि जब तक मिल संचालक सही कीमत नहीं देंगे, प्रदर्शन जारी रहेगा। किसान नेता राकेश सिंह टिकैत के भी नरसिंहपुर आने में रुचि दिखाने की बात उन्होंने कही।

रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी तैनाती

किसानों की ओर से रेल रोको आंदोलन की चेतावनी के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के जवान भी मौके पर तैनात किए गए हैं। असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर अशोक कुमार ने बताया कि रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नरसिंहपुर के एसडीओपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस के साथ एसएएफ, आरपीएफ और जीआरपी का बल भी तैनात है। किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत जारी है। वहीं एसडीएम महेंद्र पटेल ने कहा कि प्रशासन किसानों से चर्चा कर रहा है और समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर