मप्रः एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश के द्वितीय अतिरिक्त चरण की तिथियों में वृद्धि
- 30 अगस्त तक पंजीयन एवं आवेदन, 8 सितंबर तक प्रवेश शुल्क जमा करने का अवसर
भोपाल, 25 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की पूर्व में जारी समय-सारणी में तिथि वृद्धि की गई है।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को संशोधित समय-सारणी जारी करते हुए विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए अतिरिक्त अवसर प्रदान किया गया है।
30 अगस्त तक पंजीयन एवं आवेदन
संशोधित समय-सारणी के अनुसार एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण में पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया 20 से 30 अगस्त तक जारी रहेगी। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 20 से 31 अगस्त तक किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के उपरांत 1 सितंबर को मेरिट सूची का प्रकाशन किया जाएगा तथा 2 सितंबर को सीट आवंटन जारी किया जाएगा।
7 सितंबर तक भौतिक सत्यापन और 8 सितंबर तक शुल्क भुगतान
सीट आवंटित होने वाले विद्यार्थियों को 2 से 7 सितंबर तक आवंटित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेजों, टीसी एवं माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए लिंक इनिशिएट करना होगा।
आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क का भुगतान 2 से 8 सितंबर तक किया जा सकेगा। निर्धारित अंतिम तिथि तक प्रवेश शुल्क का भुगतान करने वाले आवेदकों का ही प्रवेश मान्य होगा। शुल्क का भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में प्रवेश मान्य नहीं माना जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

