home page

ग्वालियर शहर को स्वच्छ, सुंदर व विकसित बनाने में सभी का सहयोग जरूरीः ऊर्जा मंत्री तोमर

 | 
ग्वालियर शहर को स्वच्छ, सुंदर व विकसित बनाने में सभी का सहयोग जरूरीः ऊर्जा मंत्री तोमर


- मंत्री तोमर ने सीएसआर मद से निगम को दिलाए 5 ट्रेक्टर-ट्रॉली, जिला अस्पताल को मिले विभिन्न उपकरण

ग्वालियर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर शहर को स्वच्छ सुंदर और विकास के मायने में बेहतर बनाने के लिये सरकार के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने सोमवार को सीएसआर मद से नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग को व्यवस्थाओं के लिए उपलब्ध कराए गए संसाधनों के लोकार्पण के अवसर पर यह बात कही। नगर निगम ग्वालियर को एनटीपीसी की ओर से 50 लाख रुपये की राशि के पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही जिला अस्पताल बिरलानगर में व्यवस्थाओं के लिये 60 लाख रुपये की राशि के विभिन्न उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी। सरकार के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का सहयोग लेकर ग्वालियर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित ग्वालियर बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

ऊर्जा मंत्री तोमर ने सोमवार को मनोरंजनालय क्लब एवं जिला अस्पताल बिरलानगर में आयोजित कार्यक्रमों में सीएसआर मद से उपलब्ध कराए गए विभिन्न उपकरण एवं नगर निगम के लिये उपलब्ध कराए गए पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का लोकार्पण किया। लोकार्पण समारोह में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्षद मीरा मानसिंह राजपूत, महेन्द्र आर्य, देवेन्द्र राठौर सहित जनप्रतिनिधि अशोक शर्मा, शैलेन्द्र सिकरवार, योगेन्द्र तोमर, कृष्ण राव दीक्षित, दिनेश सिकरवार, चंदन राय, हरीबाबू शिवहरे, गुड्डू रत्नाकर, सुरेन्द्र चौहान, एनटीपीसी के एजीएम भूपेन्द्र कुमार, पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लि. के मुख्य अभियंता एके शर्मा सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ग्वालियर नगर निगम को स्वच्छता के लिये शीघ्र ही डेढ़ करोड़ रुपये की राशि भी पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा सीएसआर मद में उपलब्ध कराई जायेगी। उक्त राशि से नगर निगम को डोर टू डोर कचरा प्रबंधन गाड़ियों का प्रदाय किया जायेगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि ग्वालियर के विकास और ग्वालियर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में हर संभव मदद करें।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि ऊर्जा मंत्री तोमर द्वारा ग्वालियर के विकास एवं स्वच्छता अभियान में निरंतर सहयोग किया जा रहा है। उन्हीं के प्रयास से सीएसआर मद से एनटीपीसी द्वारा 50 लाख रुपए की लागत के पाँच ट्रेक्टर-ट्रॉली उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही डोर टू डोर कचरा प्रबंधन के लिये भी डेढ़ करोड़ रुपये की राशि सीएसआर मद से उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाने की दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। नागरिकों का सहयोग भी निगम को मिले, ऐसी नागरिकों से अपेक्षा है।

सीएसआर मद से मिले महत्वपूर्ण संसाधन

ऊर्जा मंत्री तोमर के प्रयासों से ग्वालियर नगर निगम को सीएसआर मद में एनटीपीसी कंपनी द्वारा 50 लाख रुपये की लागत से पाँच ट्रैक्टर-ट्रॉली उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही ऊर्जा मंत्री के सहयोग से ही मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा जिला अस्पताल बिरलानगर को 60 लाख रुपये से अधिक राशि के विभिन्न उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें एचपी डेस्कटॉप कम्प्यूटर, यूपीएस, प्रिंटर, एचपी ऑफिस लेपटॉप, अलमारी, 55 इंच एलईडी टीव्ही, स्प्लिट एसी 1.8 टन, वाटर कूलर 200 लीटर क्षमता, आरओ सिस्टम 50 लीटर प्रति घंटे क्षमता, फूड ट्रॉली, लांड्री ट्रॉली, टेबल, कुर्सियां, 65 इंच एलईडी टीव्ही, अनाउंसमेंट सिस्टम, स्टील शू रेक्स, एयर क्वालिटी इंडेक्स मॉनीटर व क्लीनिंग मशीन शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर