home page

धरती आबा अभियान अंतर्गत योजनाओं का शत- प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : संभागायुक्त शर्मा

 | 
धरती आबा अभियान अंतर्गत योजनाओं का शत- प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : संभागायुक्त शर्मा


भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत जिलों में योजनाओं का शत- प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चत किया जाए। आधिकारीगण गंभीरतापूर्वक लक्ष्य के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें और जनजाति वर्ग को शासन की योजनाओं का पूरा-पूरा लाभ दें।

संभागायुक्त शर्मा मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, जनजातीय कार्य तथा अनुसूचित जाति विकास संयुक्त संचालक प्रेमशंकर पांडेय, संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा धर्मेन्द्र शर्मा, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास हरिकृष्ण शर्मा सहित सभी संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का मुख्य उद्देश्य आदिवासी बहुल गांवों में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य शिक्षा एवं आजीविका की कमियों को दूर करना है। जनजाति समुदाय का सामाजिक एवं आर्थिक विकास सुनिश्चित करने के लिए भोपाल संभाग के सभी जिलों में 17 विभागों की विभिन्न योजनाओं द्वारा हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभांवित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संभागायुक्त ने समीक्षा बैठक में निर्देशित किया कि सभी संभागीय अधिकारी योजना के शत - प्रतिशत क्रियान्वयन में भोपाल संभाग को प्रथम बनाने के लिए संभाग स्तर पर विशेष कार्य योजना बनाकर कार्य करें एवं जिलों में विभागों के संयुक्त दल चयनित ग्रामों का निरीक्षण कर मैदानी स्थिति का भौतिक सत्यापन भी करें।

बैठक में जनजातीय कार्य संयुक्त संचालक प्रेमशंकर पांडेय ने बताया कि भोपाल संभाग में भोपाल जिले में 01, विदिशा में 86, सीहोर में 80, रायसेन में 92 एवं राजगढ़ में 18 ग्रामों का चयन किया गया है। अभियान में 17 अलग - अलग विभागों की योजनाओं को शामिल किया गया है।

बैठक में बताया गया कि योजनान्तर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में भोपाल में 02, विदिशा में 11, सीहोर में 04, रायसेन में 92 एवं राजगढ़ में 18 नवीन सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत चयनित परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए है। किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा मल्टीपल स्कीम के अंतर्गत आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, उत्पादन बढ़ाने एवं आत्म निर्भर खेती को बढ़ावा देने की दिशा में खेती की उन्नत तकनीकी, उत्तम किस्म के बीज, प्राकृतिक खेती एवं सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पशुपालन विभाग द्वारा बकरी पालन योजना अंतर्गत प्रत्येक जिले में 25 चयनित हितग्राहियों को उन्नत नस्ल की जमना पारी / सिरोही / बारबरी 5 बकरियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। दूरसंचार विभाग द्वारा रायसेन के 65 ग्रामों को कवर करने के लिए नवीन टावर लगाए जा रहे है। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा स्किल इंडिया मिशन अंतर्गत विभिन्न रोजगारों की ट्रेनिंग दी जा रही है।

संभाग आयुक्त ने कहा कि अधिकारीगण धरती आबा अभियान के अंतर्गत अलग - अलग विभागों की योजनाओं को एक साथ जोड़कर जनजातीय ग्रामों में बुनियादीं ढांचे, सड़क, पक्के घर, बिजली, पानी, शिक्षा स्वास्थ्य पोषण, सिकल सेल जांच एवं परामर्श के साथ - साथ दूर-दराज के क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आजीविका एवं उद्यमिता के लिए कौशल विकास के माध्यम से अवसर प्रदान करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, ताकि तय समय में संभाग के सभी जिले धरती आबा अभियान में सेच्युरेट हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर