home page

मप्रः इंदौर में नवलखा कॉम्प्लेक्स में दूसरी मंजिल से लिफ्ट गिरी, मेहमानों समेत 7 घायल

 | 
मप्रः इंदौर में नवलखा कॉम्प्लेक्स में दूसरी मंजिल से लिफ्ट गिरी, मेहमानों समेत 7 घायल


इंदौर, 22 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार को नवलखा स्थित स्नेह नगर के एक कॉम्प्लेक्स में ओवरलोड होने से लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे में लिफ्ट में सवार 7 लोग घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई है। घायलों में पंजाब से इंदौर आए 6 मेहमान भी शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है बिल्डिंग करीब 50 साल से अधिक पुरानी है।

थाना प्रभारी अनिल गुप्ता के मुताबिक घटना मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। स्नेह नगर के नवलखा कॉम्प्लेक्स में यह हादसा हुआ। अंकित ढीगरा गंभीर घायल हुए हैं। वहीं, मनोज ढीगरा के यहां पंजाब से आए 6 मेहमान भी घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद टीआई और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टीआई गुप्ता के मुताबिक बिल्डिंग काफी पुरानी है और यहां मेंटेनेंस का काम भी बाकी है। लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिरी थी।

चौकीदार लखन ने बताया कि लिफ्ट ओवरलोड हो गई थी। आवाज आने के बाद अंदर मौजूद लोग चिल्लाने लगे। इसके बाद वे बचाने के लिए पहुंचे। लिफ्ट में 7 लोग सवार थे, जो मुलाकात करने आए थे। इस हादसे में अंकित पुत्र सोहन ढिगरा, मुस्कान खीर, हरविंदर कुमार,रमेश कुमार,शुभम,आशा और अनिता घायल है। अंकित को ज्यादा चोट आई है सभी सेकंड फ्लोर से नीचे आ रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर