मप्रः विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कोलार क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने की कार्रवाई
- 51 किलोवॉट का अवैध लोड पकड़ा, उपभोक्ता ने जमा किए 7.52 लाख रुपये
भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा राजधानी भोपाल में कोलार रोड क्षेत्र के इनायतपुर गांव में विजिलेंस टीम के माध्यम से कार्रवाई कर बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी को पकड़ा है। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ता द्वारा कुल 7.52 लाख रुपये का जुर्माना जमा किया गया है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक शहर वृत्त प्रदीप सिंह चौहान ने मंगलवार को बताया कि गत दिनों विजिलेंस टीम ने इनायतपुर (बैरागढ़ चिचली) निवासी उपभोक्ता इकबाल खान के परिसर का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान परिसर में वैध सीमा से कहीं अधिक, कुल 51.17 किलोवॉट (KW) का भार अवैध रूप से संचालित पाया गया। टीम ने तुरंत बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज कर उपभोक्ता पर लगभग 7.52 लाख रुपये की बिलिंग की गई।
विद्युत कंपनी की अपील
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी और अनधिकृत उपयोग के विरूद्ध कंपनी द्वारा निरंतर अभियान संचालित किया जाएगा। कंपनी समस्त उपभोक्ताओं से आग्रह करती है कि वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। बिजली चोरी न केवल एक दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे विद्युत वितरण प्रणाली पर अनावश्यक भार पड़ता है, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ ही कंपनी को राजस्व की हानि होती है।
कंपनी ने कहा है कि अनधिकृत उपयोग अथवा बिजली चोरी पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि संबंधित के विरुद्ध न्यायालयीन कार्यवाही और जेल भेजने जैसे कड़े कदम भी उठाए जाएंगे। यदि उपभोक्ता अपने परिसर में गैर घरेलू (कमर्शियल) गतिविधि या उच्च क्षमता के उपकरण (जैसे कोल्ड स्टोरेज, ई-व्हीकल चार्जर) का उपयोग कर रहे हैं, तो नियमानुसार भार (Load) स्वीकृत कराएं तथा प्रयोजन के अनुसार कनेक्शन लें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

