home page

मप्र: शिक्षा, किसान और राज्यसभा नामांकन समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, मीनाक्षी नटराजन ने कहा- सरकार जवाब दे

 | 
मप्र: शिक्षा, किसान और राज्यसभा नामांकन समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा, मीनाक्षी नटराजन ने कहा- सरकार जवाब दे


भोपाल, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित कांग्रेस कमेटी कार्यालय में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा, किसानों, भूमि संबंधी मामलों, राज्यसभा चुनाव तथा धार्मिक संस्थानों से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन विषयों पर प्रदेशभर में जनआंदोलन चलाएगी।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत करते हुए प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था, किसानों की समस्याएं और उज्जैन भूमि प्रकरण जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है, जबकि खेती की बढ़ती लागत के बावजूद किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी नहीं मिल रही है।

शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक पर सवाल

मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को लेकर छात्रों की गूंज अभियान चला रही है। इसके तहत 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक साइकिल यात्रा तथा 9 अगस्त को चलो दिल्ली अभियान आयोजित किया जाएगा।

किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता ने कहा कि खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक और कृषि उपकरणों की कीमतों में वृद्धि से किसानों की लागत बढ़ी है। उन्होंने किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की मांग दोहराई। साथ ही अमेरिका के साथ व्यापार समझौतों और कृषि आयात नीति को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश में मूंग खरीदी का दायरा बढ़ाने तथा सोयाबीन उत्पादकों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

उज्जैन भूमि प्रकरण की जांच की मांग

मीनाक्षी नटराजन ने उज्जैन से जुड़े कथित भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विषय पर सरकार से जवाब मांगती रहेगी। उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।

राज्यसभा नामांकन निरस्त होने पर चुनाव आयोग पर सवाल

राज्यसभा चुनाव में अपना नामांकन निरस्त होने के मुद्दे पर मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि इसमें कांग्रेस नेताओं या नामांकन प्रक्रिया से जुड़े लोगों की कोई गलती नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की भूमिका पर उठ रहे सवालों से ध्यान हटाने के लिए अलग-अलग दावे किए गए। उन्होंने कहा कि नामांकन निरस्त करने का आधार कानूनी रूप से उचित नहीं था और कांग्रेस इस मामले में निर्धारित समय सीमा के भीतर हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समान परिस्थितियों में अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तरीके अपनाए गए।

दिग्विजय सिंह की यात्रा पर टिप्पणी से किया इनकार

दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या यात्रा के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि यह उनका निजी और गैर-राजनीतिक कार्यक्रम है, इसलिए इस पर राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रदेश महामंत्री गौरव रघुवंशी, भोपाल शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, स्वदेश शर्मा, कुंदन पंजाबी, अभिनव बरोलिया, राहुल राज तथा एनएसयूआई के राष्ट्रीय सह-प्रभारी अंशुल त्रिवेदी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे