home page

मप्र में एसआईआर-2027 की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को

 | 
मप्र में एसआईआर-2027 की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को


- निर्धारित स्थलों पर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा, नागरिक सूची में अपना नाम एवं विवरण देख सकेंगे

भोपाल, 10 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर)-2027 का कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मध्य प्रदेश में फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

इस संबंध में निर्वाचन कार्यालय द्वारा मंगलवार को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

निर्देशों के अनुसार फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालयों सहित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित प्रारूप (प्रपत्र-5) भी संबंधित स्थानों पर चस्पा किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों एवं मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया तथा प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में जानकारी प्राप्त हो सके।

निर्वाचन कार्यालय द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित सभी अभिहित स्थलों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन सुनिश्चित करें तथा प्रकाशन की सूचना 12 नवंबर 2026 को अपराह्न 12 बजे तक अनिवार्य रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का उद्देश्य फोटो निर्वाचक नामावली को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। नागरिकों से अपील है कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें तथा किसी प्रकार की त्रुटि अथवा पात्रता संबंधी समस्या होने पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर