home page

डिंडोरी में लापता मासूम का जंगल में मिला तीन टुकड़ों में शव, चार दिनों से था लापता

 | 
डिंडोरी में लापता मासूम का जंगल में मिला तीन टुकड़ों में शव, चार दिनों से था लापता


डिंडोरी, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में पांच वर्षीय बच्चे की मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। चार दिनों से लापता चल रहे मासूम का तीन टुकड़ों में शव सोमवार को गांव के पास जंगल में बरामद किया गया। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, करंजिया थाना क्षेत्र के तरेरा गांव निवासी इख्तियार खान 17 जून को जंगल में लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान उनका पांच वर्षीय बेटा इमरान सुबह घर से निकलकर पिता के पीछे-पीछे जंगल की ओर चला गया। परिवार को लगा कि बच्चा अपने पिता के साथ ही है, इसलिए शुरुआत में किसी को उसकी गैरमौजूदगी का एहसास नहीं हुआ।

पिता के लौटने पर हुई जानकारी

जब इख्तियार खान लकड़ी लेकर वापस घर पहुंचे और बेटे के बारे में पूछा, तब परिवार को पता चला कि इमरान उनके साथ नहीं था। इसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिजनों ने करंजिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की और जंगल सहित आसपास के गांवों में सर्च अभियान शुरू किया। बच्चे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित की गई थी।

जंगल में मिला शव

सोमवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल क्षेत्र में बच्चे का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल पर डॉक्टरों की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि प्रारंभिक जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत