home page

धारः डायल-112 के जवानों ने नहर किनारे परित्यक्त अवस्था में मिले नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया

 | 
धारः डायल-112 के जवानों ने नहर किनारे परित्यक्त अवस्था में मिले नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया


भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के थाना धामनोद क्षेत्र में मंगलवार को डायल-112 जवानों की संवेदनशील एवं मानवीय कार्रवाई से नहर के पास परित्यक्त अवस्था में मिले नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में लेकर तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। समय पर किए गए इस प्रयास से शिशु को उपचार उपलब्ध हो सका।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि मंगलवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना धामनोद क्षेत्र अंतर्गत पलाश चिक्त्यावर गाँव के पास नहर किनारे एक नवजात शिशु परित्यक्त अवस्था में मिला है, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति छोड़कर चला गया है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही धामनोद थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक वीरेन्द्र एवं पायलट महेश मालीवाल ने नवजात शिशु को सुरक्षित संरक्षण में लेकर एफआरव्ही वाहन से तत्काल शासकीय चिकित्सालय, धामनोद पहुँचाया। डायल-112 जवानों की त्वरित एवं समर्पित कार्यवाही से एक नवजात शिशु को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर