home page

ग्वालियर दक्षिण के वार्ड-वार्ड में विकास कार्यों को मिलेगी गतिः मंत्री कुशवाह

 | 
ग्वालियर दक्षिण के वार्ड-वार्ड में विकास कार्यों को मिलेगी गतिः मंत्री कुशवाह


- मंत्री कुशवाह ने 22 लाख रुपये लागत से बनने जा रही सड़क का किया भूमिपूजन

ग्वालियर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर दक्षिण के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को निरंतर गति देना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जनसेवा ही हमारा संकल्प है।

मंत्री कुशवाह ने यह बात शुक्रवार को ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 54 में सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन अवसर पर कही। उन्होंने शहर के वार्ड क्रमांक 54 में कम्पू थाने के सामने वाली गली में मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना (सीएम मॉनिट योजना) के अंतर्गत 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाली डामरीकृत सड़क का शुक्रवार को कन्या पूजन कर भूमिपूजन किया। इस सड़क का डामरीकरण होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि शहर के दक्षिण क्षेत्र के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नागरिकों को अच्छी सड़कें और बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर