मप्रः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की
- राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के अधिकारियों को जिले में निर्बाध गैस आपूर्ति के दिये निर्देश
भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को रीवा जिले में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिये कि नियमित घरेलू गैस सिलेण्डर आपूर्ति की व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कराई जाय। बुकिंग के आधार पर गैस लेने वाले उपभोक्ताओं को सुगमता से गैस सिलेण्डर मिले।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने केन्द्रीय व प्रदेश स्तर के अधिकारियों से फोन से रीवा जिले में नियमित गैस सिलेण्डर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस बात के लगातार प्रयास किये जा रहे हैं कि जिले में नियमित गैस सिलेण्डर की आपूर्ति होती रहे और बुकिंग का बैकलाग समाप्त हो जाय और लोगों को बिना किसी परेशानी के गैस सिलेण्डर मिलता रहे।
रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि सर्वर के ठीक ढंग से कार्य करने से गैस की आनलाइन बुकिंग हो रही है। रीवा शहर में गैस की उपलब्धता के अनुसार वितरण किया जा रहा है। नियमित आपूर्ति के सभी प्रयास जारी हैं, जिससे बैकलाग को पूरा करते हुए लोगों को सुगमता से गैस सिलेण्डर का वितरण हो सके।
बैठक में गैस एजेंसी संचालकों ने गैस वितरण में प्रशासन द्वारा दिये गये सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि गैस वितरण की सुगम व्यवस्था के लिए एजेंसियों द्वारा कार्य किया जा रहा है। बैठक में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, जिला आपूर्ति नियंत्रक कमलेश ताण्डेकर सहित गैस एजेंसी के संचालक उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिवंगत सुश्री सुरभि खंडेलवाल को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने दिवंगत सुरभि खंडेलवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल रविवारको बैतूल पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल एवं उनके परिजनों से भेंट कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

