home page

दतिया विधानसभा उपचुनावः प्रेक्षक एवं कलेक्टर ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

 | 
दतिया विधानसभा उपचुनावः प्रेक्षक एवं कलेक्टर ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण


दतिया, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 के अंतर्गत गत दिवस सम्पन्न हुए मतदान की मतगणना 3 अगस्त 2026 को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, दतिया में की जाएगी। मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को सामान्य प्रेक्षक विजय भारती तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वनिल वानखेड़े ने मतगणना स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतगणना कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, स्ट्रांग रूम, मीडिया व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतगणना कार्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को मतगणना दिवस पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा सुरक्षा एवं निर्वाचन संबंधी सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

दतिया विधानसभा में हुआ 71.42 प्रतिशत मतदान

दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन 2026 के अंतर्गत 30 जुलाई को सम्पन्न हुए मतदान में दतिया विधानसभा में कुल 71.42 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसमें पुरूष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.05, महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 68.49 तथा अन्य मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 50 प्रतिशत रहा।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि दतिया में दर्ज कुल 2,20,410 मतदाताओं में से कुल 1,57,414 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 71.42 रहा। इनमें कुल 1,16,116 दर्ज पुरूष मतदाताओं में से 85,989 मतदाताओं, 1,04,284 महिला मतदाताओं में से 71,420 और 10 अन्य मतदाताओं में से 5 मतदाताओं ने मतदान किया।

आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन करने पर रोजगार सहायक निलंबित

ग्राम रोजगार सहायक एवं ग्राम पंचायत तालगांव के प्रभारी सचिव विकास शर्मा द्वारा विधानसभा क्षेत्र- 22-दतिया के उप निर्वाचन 2026 के दौरान अपने व्यक्तिगत फेसबुक एकाउंट पर राजनीतिक टिप्पणी का उल्लेख करने से आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन किये जाने से अनुशासन हीनता प्रथम दृष्टया परिलक्षित होने के कारण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल द्वारा आदेश जारी कर अपचारी कर्मचारी को शासकीय कार्य में तत्काल प्रभाव से विरत (निलंबन) किया है। अपचारी रोजगार सहायक को विरत अवधि में 50 प्रतिशत पारिश्रमिक देय होगा।

ईव्हीएम स्ट्रॉग रूम वीडियो रिर्काडिंग की सतत् निगरानी हेतु कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात

दतिया विधानसभा उप निर्वाचन उपरांत ईव्हीएम मशीनों को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्वालियर रोड़ स्थित स्ट्रांग रूम में जमा किया गया है। ईव्हीएम स्ट्रॉग रूम की सतत् निगरानी हेतु पॉलीटेक्निक कॉलेज में सीसीटीव्ही कैमरे लगाये गए है। उक्त कैमरों की वीडियो रिर्कार्डिग की सतत् निगरानी हेतु रिटर्निग अधिकारी दतिया ने आदेश जारी कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी 24 घंटे राउण्ड क्लॉक में 3 अगस्त 2026 तक लगाई है।

जारी आदेशानुसार जिन कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है उनमें जगदीश प्रसाद घनघोरिया नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सायं 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक, रामनरेश आर्य नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रात्रि 12 बजे से प्रातः 6 बजे तक, दिनेश व्यास नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट प्रातः 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और संजीव तिवारी नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट दोपहर 12 बजे से सायं 6 बजे तक रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर