home page

दतिया विस उपचुनाव: दोपहर एक बजे 50.26 प्रतिशत वोटिंग, मतदान केंद्रों पर लगीं लंबी कतारें

 | 
दतिया विस उपचुनाव: दोपहर एक बजे 50.26 प्रतिशत वोटिंग, मतदान केंद्रों पर लगीं लंबी कतारें


दतिया विस उपचुनाव: दोपहर एक बजे 50.26 प्रतिशत वोटिंग, मतदान केंद्रों पर लगीं लंबी कतारें


भोपाल/दतिया, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हो रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, यहां दोपहर एक बजे तक 50.26 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान के प्रति भारी लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। तेज बारिश के बीच मतदान केन्द्रों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं।

दतिया विधानसभा क्षेत्र में 291 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। इससे पहले तीन मतदान केंद्रों 186 पर वीवीपैट, क्रमांक 108 पर बैलेटिंग यूनिट (बीयू) और क्रमांक 290 पर कंट्रोल यूनिट (सीयू) में खराबी आई थी। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी उपकरण समय रहते बदल दिए गए, जिसके बाद निर्धारित समय पर मतदान शुरू हुआ। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

बसई क्षेत्र के लखनपुर गांव में मुख्य सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाया। सूचना पर एसडीएम अशोक अवस्थी मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद करीब 50 ग्रामीणों ने मतदान किया। उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया।

भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने मतदान से पूर्व प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर मतदान केंद्र क्रमांक 158 पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दूसरी ओर, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपना वोट डालने के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उपचुनाव में मतदाता भाजपा का अहंकार तोड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने बसई में कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को प्रवेश नहीं मिलने पर सवाल खड़ा किया है। साथ ही कहा कि हम अधिकारियों से इस पर चर्चा करेंगे।

इस पर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दतिया उपचुनाव को लेकर कहा कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी शिकायत कर रहे हैं, तो चुनाव आयोग को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। आदिवासी मुद्दों पर उन्होंने कहा कि हम आदिवासियों से जुड़े सभी मुद्दों को समझते हैं। आज हम इस विषय पर बैठकर चर्चा करेंगे कि उनके सर्वांगीण विकास के लिए क्या-क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मकसद भारतीय जनता पार्टी की जीत और दतिया का विकास है। इसीलिए 'कमल' का बटन दबाया गया। अच्छी वोटिंग की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर