मप्र: कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की बैठक संपन्न, सामाजिक न्याय और संगठन सशक्तिकरण पर जोर
भोपाल, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की सुरक्षा और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र पाल गौतम उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, कमलेश्वर पटेल, सुरेंद्र चौधरी और प्रदेश प्रभारी भगवती प्रसाद अहिरवार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने की। मुख्य अतिथि राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय होने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि संविधान देश के वंचित और दलित वर्ग की आशाओं का आधार है और इसकी रक्षा के लिए सतत संघर्ष जरूरी है। वहीं सज्जन सिंह वर्मा ने अनुसूचित जाति समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को जनआंदोलन के रूप में काम करने की जरूरत बताई। कमलेश्वर पटेल ने संगठन की जमीनी सक्रियता को उसकी असली ताकत बताते हुए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक नेटवर्क मजबूत करने की बात कही। पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा कमजोर वर्गों की आवाज रही है और विभाग को जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहना चाहिए।
अध्यक्षता करते हुए प्रदीप अहिरवार ने कहा कि लक्ष्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना की रक्षा है। उन्होंने 2028 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के हर स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी समय में प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान, सामाजिक न्याय संवाद, ‘संविधान बचाओ’ कार्यक्रम और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन तेज किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

