home page

मप्र : किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्काजाम, ग्वालियर-मुरैना में गिरफ्तारियां, शाजापुर में पुलिस से नोकझोंक

 | 
मप्र : किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्काजाम, ग्वालियर-मुरैना में गिरफ्तारियां, शाजापुर में पुलिस से नोकझोंक


भोपाल, 07 मई (हि.स.)। किसानों की समस्याओं और गेहूं खरीदी की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में 'चक्काजाम' आंदोलन किया। ग्वालियर, मुरैना, शाजापुर, इंदौर और धार सहित कई प्रमुख हाईवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और हजारों वाहन फंस गए। आंदोलन के दौरान कई स्थानों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और गिरफ्तारियां भी हुईं।

ग्वालियर में नेशनल हाईवे-44 पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के कारण पुलिस ने बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। वहीं, मुरैना में करीब एक घंटे तक चले जाम के बाद प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर ग्वालियर भेज दिया गया। भिंड में आंदोलन के दौरान एक कांग्रेस नेता और पुलिस आरक्षक के बीच उस वक्त विवाद हो गया जब पुलिस एक बुजुर्ग की गाड़ी निकलवाने का प्रयास कर रही थी।

शाजापुर के रोजवास टोल प्लाजा पर हुए बड़े प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ट्रैक्टर पर सवार होकर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आवाज दबा रही है और गेहूं खरीदी का स्लॉट व टोकन सिस्टम पूरी तरह विफल हो चुका है। पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की उपेक्षा बंद नहीं हुई तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसी दौरान पुलिस द्वारा ट्रैक्टर हटाने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ काफी देर तक धक्का-मुक्की और बहस भी हुई।

दूसरी ओर, सत्ता पक्ष ने इस आंदोलन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदर्शन के समय पर सवाल उठाते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और ऐसे में रास्ता रोकना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और भाजपा प्रवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि अब तक 50 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है और करीब 8 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार ने पंजीयन की तारीख बढ़ाकर 23 मई कर दी है और कांग्रेस केवल भ्रम फैलाकर अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है।

दोपहर बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और अन्य वरिष्ठ नेताओं द्वारा धार और शिवपुरी जैसे जिलों में चक्काजाम समाप्ति की घोषणा के बाद स्थिति सामान्य हुई। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया था और यात्रियों की सुविधा के लिए कई रूट डायवर्ट किए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत