home page

मप्र: कांग्रेस के पूर्व महासचिव ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर पटवारी के होली मिलन समारोह स्थगित करने की मांग की

 | 
मप्र: कांग्रेस के पूर्व महासचिव ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर पटवारी के होली मिलन समारोह स्थगित करने की मांग की


इंदौर, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई 35 से अधिक मौतों के बाद प्रदेश कांग्रेस में संवेदनशीलता को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव राकेश सिंह यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर भोपाल में प्रस्तावित होली मिलन समारोह को स्थगित करने की मांग की है।

राकेश सिंह यादव ने शनिवार काे लिखे अपने पत्र में कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हुई मौतों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और कई परिवार अभी भी गहरे शोक में हैं। ऐसे समय में जब शहर दुख और सदमे से गुजर रहा है, तब उत्सव मनाना जनता की भावनाओं के विपरीत संदेश दे सकता है।

पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का गृहनगर इंदौर है और वहां इस घटना के बाद शोक का माहौल है। ऐसे में कांग्रेस की गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना अधिक जरूरी है। राकेश सिंह यादव ने कहा कि भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निवास पर प्रस्तावित होली मिलन समारोह को लेकर जनमानस में सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि इसी घटना के विरोध में इंदौर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया था, जबकि कई नेताओं ने इस बार होली से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया कि पार्टी की मानवीय और संवेदनशील परंपरा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इस होली मिलन समारोह को स्थगित करने की सलाह दी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को यह महसूस हो सके कि कांग्रेस उनके दुख में बराबर की भागीदार है।

राजनीतिक रूप से भी इस मांग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि जलकांड को लेकर जहां एक ओर प्रदेश सरकार पहले से विपक्ष के निशाने पर है, वहीं अब कांग्रेस के भीतर से उठी यह आवाज संगठन की कार्यशैली और संवेदनशीलता को लेकर नए सवाल खड़े कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे