सेवा से संकल्प अभियान की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें : संभागायुक्त शर्मा
- संभागायुक्त ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
भोपाल, 02 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की सभी संभागीय अधिकारी माइक्रो स्तर पर तैयारी सुनिश्चित करें। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संबंधित जिलों एवं विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
संभागायुक्त शर्मा ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
धरती आबा अभियान में चयनित ग्रामों को योजनाओं से करें संतृप्त
संभागायुक्त शर्मा ने धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को चयनित ग्रामों में योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन एक माह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, जिससे भोपाल संभाग प्रदेश का प्रथम संभाग बन सके। उल्लेखनीय है कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान भारत सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रारंभ किया गया व्यापक मिशन है।
अभियान के अंतर्गत भोपाल संभाग के कुल 277 ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें भोपाल जिले का एक, विदिशा के 86, सीहोर के 80, रायसेन के 92 तथा राजगढ़ जिले के 18 ग्राम शामिल हैं। अभियान में 17 विभागों की विभिन्न योजनाओं को सम्मिलित किया गया है।
संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि विभिन्न विभागों की योजनाओं का समन्वित क्रियान्वयन कर चयनित जनजातीय ग्रामों में सड़क, पक्के आवास, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमियों को दूर किया जाए। प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जाए। किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन एवं मत्स्यपालन योजनाओं से जोड़ने के साथ ही जनजातीय युवाओं और महिलाओं की आजीविका बढ़ाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए।
शिविर से पहले लंबित शिकायतों और सेवाओं का करें चिन्हांकन
संभागायुक्त शर्मा ने आगामी माह में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों की भी माइक्रो स्तर पर तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के आयोजन से पहले संबंधित विकासखंड में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर के प्रकरणों का चिन्हांकन किया जाए। इनका शिविर में शत-प्रतिशत एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मूल उद्देश्य शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों को लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के साथ अधिक से अधिक जनशिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए।
संभागायुक्त ने सभी संभागीय एवं विभागीय अधिकारियों को जिलों का नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के समय-सीमा से बाहर के प्रकरणों का निराकरण करें। साथ ही विभागीय संस्थाओं का निरीक्षण और योजनाओं की गहन समीक्षा कर संबंधित जानकारी मुख्यमंत्री जन अभियान पोर्टल पर दर्ज करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

