home page

मप्रः शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयीन प्रवेश प्रक्रिया आज से प्रारंभ

 | 
मप्रः शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालयीन प्रवेश प्रक्रिया आज से प्रारंभ


भोपाल, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत समस्त शासकीय, अशासकीय महाविद्यालयों एवं एनसीटीई पाठ्यक्रम संचालित करने वाले महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया आज (01 मई) से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 30 जून 2026 तक संचालित होगी।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्देश के अनुसार, विद्यार्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए इस वर्ष भी इसे तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, इसमें दो केंद्रीकृत चरण एवं एक सीएलसी (कॉलेज लेवल काउंसलिंग) चरण सम्मिलित रहेगा। विद्यार्थी मोबाइल ऐप (ई-प्रवेश) एवं ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। विशेष बात यह है कि इस सत्र से विद्यार्थी आज से ही ई-प्रवेश ऐप के माध्यम से पंजीयन प्रारंभ कर सकते हैं, जबकि विकल्प चयन 1 मई से प्रारंभ होगा।

विद्यार्थियों के लिए प्रवेश को अधिक सुलभ बनाने के लिए, पंजीयन शुल्क एनसीटीई एवं परंपरागत पाठ्यक्रमों के लिए ₹100 निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी पोर्टल शुल्क पूर्णतः समाप्त रहेगा। प्रथम चरण में छात्राओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा द्वितीय चरण से सभी विद्यार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क ₹150 निर्धारित किया गया है। साथ ही ऐसे विद्यार्थी जो स्वयं पंजीयन नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए प्रदेश के समस्त महाविद्यालयों में सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं , जहाँ निःशुल्क पंजीयन सुविधा उपलब्ध रहेगी। विद्यार्थियों की सहायता के लिए विभाग द्वारा 24×7 हेल्पलाइन, टोल-फ्री नंबर एवं हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

उच्च शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप इस वर्ष एक महत्वपूर्ण नवाचार किया गया है। अब अन्य संकाय में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को साक्षात्कार आधारित पात्रता का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 14 मई 2026 तक जिले के अग्रणी महाविद्यालयों में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। प्रवेश पूर्व वर्ष की भांति मेजर विषय के आधार पर दिया जाएगा, जबकि विद्यार्थी अपनी रुचि अनुसार माइनर एवं मल्टी डिसिप्लिनरी विषयों का चयन कर सकेंगे। विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए, प्रथम आवंटन सूची 20 मई 2026, द्वितीय आवंटन सूची 7 जून 2026 और तृतीय (थर्ड) आवंटन सूची: 23 जून 2026 को जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर