home page

आगरमालवाः मुख्यमंत्री सोमवार को माँ बगलामुखी प्रस्तावित देवी लोक का भूमि-पूजन करेंगे

 | 
आगरमालवाः मुख्यमंत्री सोमवार को माँ बगलामुखी प्रस्तावित देवी लोक का भूमि-पूजन करेंगे


आगरमालवा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 26 अक्टूबर को आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ माँ बगलामुखी मंदिर में 85.40 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर भव्यता एवं वास्तुशास्त्र के अनुसार प्रस्तावित माँ बगलामुखी देवी लोक के प्रथम चरण के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे।

प्रारंभिक प्राक्कलन अनुसार प्रथम चरण के कार्यों के लिए लगभग 85.40 करोड़स्वीकृत किए गए है।प्रथम चरण में मुख्य मंदिर गर्भगृह एवं सुपर स्ट्रक्चर, मुख्य मंदिर कॉरिडोर के प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रसाद शॉप जोन के साथ शू स्टैंड, हैंड वॉश एवं मोबाइल डिपॉजिट जोन, पब्लिक अमेनिटीज के तहत टॉयलेट ब्लॉक एवं पार्किंग टॉयलेट ब्लॉक, घाट डेवलपमेंट, विशाल यज्ञ शाला, ड्राइव-वेध्रोड निर्माण, साइट लेवलिंग, फिलिंग एवं कम्पैक्शन, विभिन्न प्रकार की बाउंड्री वॉल, प्रोटोकॉल बिल्डिंग, विद्यमान शिव मंदिर क्रमांक 1 एवं 2 का जीर्णोद्धार तथा 18 मीटर, 12 मीटर एवं 9 मीटर चैड़े भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है। इस भव्य निर्माण कार्य में मंदिर कॉरिडोर के भव्य प्रवेश द्वार, विशाल यज्ञ शाला, वाहनों हेतु पार्किंग व्यवस्था, सुंदर घाट निर्माण, प्रसाद काउंटर, पब्लिक सुविधाघर एवं सड़क निर्माण जैसे प्रमुख कार्य सम्मिलित हैं। देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को सर्वसुविधायुक्त दर्शन व्यवस्था प्राप्त हो सकेगी।

विश्व प्रसिद्ध माँ बगलामुखी मंदिर जो कि तीन मुखों वाली त्रिशक्ति बगलामुखी देवी को समर्पित है, लखुंदर नदी के किनारे नलखेड़ा, जिला आगरमालवा में स्थित है। मान्यता है कि द्वापर युग से चला आ रहा यह मंदिर अत्यंत चमत्कारिक है तथा इसकी स्थापना महाभारत में विजय के उद्देश्य से भगवान श्रीकृष्ण की सलाह पर युधिष्ठिर ने की थी। यहाँ की बगलामुखी प्रतिमा स्वयंभू मानी जाती है। प्राचीन तंत्र ग्रंथों में उल्लेखित दस महाविद्याओं में से एक माँ बगलामुखी हैं, इसलिए इस मंदिर का अतिविशिष्ट महत्व है। यहाँ देश-विदेश के शैव एवं शाक्त मार्गी साधु-संत तथा श्रद्धालुगण हवन-अनुष्ठान के लिए आते हैं तथा चारों नवरात्रि में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आगरमालवा कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने आज नलखेड़ा पहुंचकर जायजा लिया तथा सभी अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं एवं प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने आज रविवार को नलखेड़ा पहुंचकर मंदिर परिसर के समीप प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सभा पंडाल निर्माण, भूमि-पूजन कार्यक्रम की तैयारी, मंच निर्माण, कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विशिष्टजनों, जनप्रतिनिधियों, प्रेस जगत, मीडिया के साथियों, ग्रामीणजनों, महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक सेक्टर निर्माण कर उनकी बैठक व्यवस्था, वाहनों की सुगम पार्किंग व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई व्यवस्था, सुविधाजनक ढंग से आमजनों के प्रवेश एवं कार्यक्रम स्थल से निकासी की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, अस्थाई सुविधाघर की व्यवस्था सहित कार्यक्रम के सफल आयोजन के संबंध में सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने मौके पर उक्त व्यवस्थाओं का अवलोकन कर जायजा लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, आगरमालवा एसडीएम कमल मंडलोई, सुसनेर एसडीएम श्रीमती देव कुमार सोलंकी, एसडीओपी सुसनेर देवनारायण यादव, तहसीलदार प्रियांक श्रीवास्तव, सीएमओ सुश्री मिनी अग्रवाल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा