home page

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज सिविल सर्विस डे पर शिक्षा विभाग को करेंगे पुरस्कृत

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज सिविल सर्विस डे पर शिक्षा विभाग को करेंगे पुरस्कृत


- आईजीओटी पोर्टल पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में देश में मप्र तीसरे स्थान पर, साधना सप्ताह में उच्च शिक्षा विभाग का उत्कृष्ट प्रदर्शन

भोपाल, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को सिविल सर्विस डे के अवसर पर भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासनिक अकादमी में आयोजित भव्य समारोह में उच्च शिक्षा विभाग को दो विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित करेंगे। विभाग की तरफ से अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन पुरस्कार ग्रहण करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने जानकारी देते हुए बताया कि साधना सप्ताह के दौरान मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। आईजीओटी पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान मिला है, जबकि साधना सप्ताह अंतर्गत 10 हजार से अधिक लोक सेवकों की श्रेणी में प्रदेश स्तर पर विभाग ने दूसरा स्थान हासिल किया है। विभाग को इस उपलब्धि के लिए आज सिविल सर्विस डे पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों में ज्ञान, कौशल और क्षमता विकास को लेकर मिशन कर्मयोगी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत देश के सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी अनुक्रम में 2 अप्रैल से 10 अप्रैल तक (राष्ट्रीय सीखे सप्ताह) का आयोजन किया गया था। इस दौरान आईजीओटी पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में मध्य प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। साधना सप्ताह अंतर्गत राज्य स्तर पर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 10 हजार से अधिक लोक सेवकों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर