home page

मप्रः मुख्यमंत्री आज 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे 1835 करोड़ रुपये की राशि

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री आज 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे 1835 करोड़ रुपये की राशि


- केसली से लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त की राशि का होगा अंतरण

भोपाल, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 37 वीं किश्त लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित करेंगें। इसमें एक करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये अंतरित किये जाएंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी जीएस मर्सकोले ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव सागर जिले के देवरी विधानसभा को लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत के 53 विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। इनमें 122.02 करोड़ रुपये की लागत के 28 कार्यों का भूमि-पूजन और 68.83 करोड़ रुपये की लागत के 25 कार्यों का लोकार्पण होगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव क्षेत्र के विकास को गति देने वाले सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करेंगे। इन विकास कार्यों से देवरी एवं केसली विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर