home page

आतंकी नेटवर्क का सफाया आतंकवाद के प्रति हमारी जीरो-टॉलरेंस का प्रमाण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
आतंकी नेटवर्क का सफाया आतंकवाद के प्रति हमारी जीरो-टॉलरेंस का प्रमाण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव


भोपाल, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आईएसआई समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सफल ऑपरेशन इस बात का संकेत है कि भारत आतंकवाद के प्रति ज़ीरो टॉलरेंसी रखता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर सोशल मीडिया 'एक्स' पर के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ़ ऐतिहासिक सफलता के बाद भारत अब देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले हर तत्व के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जारी रखेगा।

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'एक्स' पर देशवासियों को जानकारी दी कि मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आईएसआई समर्थित आतंकी गुट शहज़ाद भट्टी नेटवर्क को खत्म कर दिया और 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार करके उसके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया, जो आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो-टॉलरेंस नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है।

गृह मंत्री शाह ने बताया कि आईएसआई से फंड पाने वाले इस गुट के पास से भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया गया, जिसमें आईईडी, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले सीसीटीवी कैमरे शामिल थे। यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर