home page

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में मंगलवार को होगा राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में मंगलवार को होगा राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह


- उत्कृष्ट अभियंताओं और निर्माण एजेंसियों को पांच श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे ‘लोक निर्माण पुरस्कार’

भोपाल, 14 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अभियंता दिवस के अवसर पर लोक निर्माण विभाग द्वारा मंगलवार, 15 सितम्बर को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में राज्य स्तरीय अभियंता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अरुण शर्मा ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि ‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ की अवधारणा पर आयोजित समारोह में अधोसंरचना निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान देने वाले अभियंताओं, अधिकारियों, संयुक्त दलों तथा निर्माण एजेंसियों को ‘लोक निर्माण पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम और मध्य प्रदेश भवन विकास निगम से प्राप्त प्रस्तावों के विस्तृत परीक्षण के बाद पुरस्कारों के लिए उत्कृष्ट कार्यों का चयन किया गया है। समारोह में मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया पुरस्कार, विश्वकर्मा पुरस्कार, विक्रमादित्य पुरस्कार, रानी दुर्गावती पर्यावरण हितैषी पुरस्कार और राजा भोज पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, इन पुरस्कारों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण, तकनीकी नवाचार, पर्यावरण संरक्षण तथा जनहितकारी अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने वाले अभियंताओं और निर्माण एजेंसियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य प्रदेश में श्रेष्ठ अभियांत्रिकी कार्यों को पहचान देने के साथ निर्माण क्षेत्र में गुणवत्ता, उत्तरदायित्व और नवाचार की संस्कृति को और सुदृढ़ करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर