home page

सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के कार्य कर रही प्रदेश सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के कार्य कर रही प्रदेश सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के सभी क्षेत्रों में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ- सबका विकास के सिद्धांत पर जनकल्याणकारी कार्यों की गति बढ़ाई है। मध्य प्रदेश में भी आम जनता के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार की रात भोपाल के तात्या टोपे नगर स्थित दशहरा मैदान में महानगर मेला उत्सव समिति के भारतीय नव वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित मेले को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेलों से जहां मेल- मिलाप बढ़ता है वहीं लघु व्यवसायियों और उपभोक्ताओं को बाजार भी उपलब्ध होता है। नागरिकों को उनकी आवश्यकता की वस्तुएं एक स्थान पर उपलब्ध हो जाती हैं और बच्चों सहित सभी को झूलों और मनोरंजन के साधनों का आनंद भी मिलता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजधानी भोपाल में जहां शीतकाल में इस तरह के मेले आयोजित होते हैं। वहीं ग्रीष्मकाल में भी ऐसे आयोजन का विशेष महत्व है इसके लिए आयोजन समिति अभिनंदन की पात्र है। भारतीय नव वर्ष अपने साथ अनेक त्योहार लेकर आता है। यह सिर्फ ऋतु परिवर्तन का अवसर नहीं है बल्कि नए अनाज के आने और जीवन में उमंग तथा उल्लास के आगमन का भी अवसर होता है।

श्रीअन्न और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन आवश्यक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेलों में स्वदेशी उत्पादों की बिक्री व्यवस्था भी की जानी चाहिए। इससे स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीअन्न (मोटा अनाज) के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया है। मध्य प्रदेश सरकार ने श्रीअन्न के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिये रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना भी लागू की है।

मध्य प्रदेश में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरण पड़े

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या और मथुरा के साथ ही मध्य प्रदेश के चित्रकूट, ओरछा, उज्जैन और अन्य कई स्थान भगवान श्री राम और श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े हैं। मध्य प्रदेश में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण ने एक लम्बा समय व्यतीत किया। ऐसे पवित्र स्थानों को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। रामनवमी, श्री कृष्ण जन्माष्टमी और अन्य त्योहारों पर नागरिकों की भागीदारी के साथ आयोजन हो रहे हैं। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर गीता जयंती पर जन-उत्साह देखने को मिला था।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता और आयोजन समिति के सदस्यों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। मेले में विधायक भगवानदास सबनानी, भोपाल नगर निगम के सभापति किशन सूर्यवंशी, आयोजन समिति के कैलाश मिश्रा, सुशील वासवानी आदि उपस्थित थे। इस अवसर पर पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आकाश में उल्लास और उमंग के प्रतीक गुब्बारे छोड़े। मेले में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर