गौमाता के बिना हमारी संस्कृति और कृषि व्यवस्था अधूरी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री ने इंदौर जिले के ग्राम आशापुरा में की गोवर्धन पूजा, अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला का किया लोकार्पण
भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला से प्रकृति, पर्यावरण, जल संरक्षण और गौ-संवर्धन का महत्वपूर्ण संदेश दिया था। गौमाता हमारी सनातन संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का आधार हैं। गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गौमाता के बिना हम अधूरे हैं और हमारे बिना गौमाता का जीवन भी अधूरा है। गौसेवा केवल धार्मिक भावना नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को इंदौर जिले के ग्राम आशापुरा (महू) में जन सहयोग से विकसित तथा अत्याधुनिक कामधेनु गौशाला के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गोवर्धन पूजा की तथा गोपाल कृष्ण ग्राम प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गौशाला गोवर्धन पर्वत की भावना के अनुरूप सामूहिक सहयोग और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस गौशाला के निर्माण में समाजसेवी विनोद अग्रवाल द्वारा सीएसआर मद से 6 करोड़ रुपये तथा नितिन अग्रवाल द्वारा 2.5 करोड़ रुपये का योगदान दिया गया है। अन्य जन सहयोग के साथ शासन विभिन्न मदों से भी राशि व्यय की गई है। उन्होंने गौशाला में सीएनजी गैस प्लांट एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गौमाता के समुचित प्रबंधन के लिए आवश्यकता पड़ने पर सरकार आगे भी संसाधन उपलब्ध कराएगी।
भगवान श्रीकृष्ण ने दिया प्रकृति और सामूहिकता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति के संरक्षण और समाज की सामूहिक शक्ति का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने बताया कि जल, नदी, पर्वत, वन और प्रकृति के सभी संसाधनों पर सबका समान अधिकार है। गोवर्धन पर्वत धारण कर उन्होंने समाज को एकजुट रहने और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसी भावना को सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के रूप में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का ग्रामीण संस्कृति, गौमाता और प्रकृति से विशेष जुड़ाव रहा है। मोर पंख को सम्मान देकर उन्होंने ग्रामीण संस्कृति और प्रकृति के प्रति अपनी आत्मीयता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
गौमाता कृषि और प्राकृतिक खेती का आधार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौमाता कृषि संस्कृति की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। रासायनिक खादों के अत्यधिक उपयोग से धरती की उर्वरता प्रभावित हुई है। अब समय प्राकृतिक खेती की ओर लौटने का है। प्राकृतिक खेती में गौमाता का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गौमाता का दूध बच्चों को पोषण और शक्ति प्रदान करता है तथा कुपोषण दूर करने में भी सहायक है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने शाकाहार, गौपालन और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक व्यक्ति गौसेवा की भावना से आगे आए। सरकार ने ऐसी व्यवस्था विकसित करने का संकल्प लिया है, जिससे कोई भी गौमाता लावारिस स्थिति में सड़कों पर नहीं रहे।
गौशालाओं को दी जा रही सहायता राशि दोगुनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 3 हजार 200 गौशालाओं में 5 लाख 61 हजार से अधिक गौवंश के लिए सरकार द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। पहले गौशालाओं को प्रति गौवंश 20 रुपये प्रतिदिन दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है। सरकार का उद्देश्य केवल गौशालाओं के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले में गौपालन को प्रोत्साहित करना है।
इंदौर के बाद भोपाल और जबलपुर में भी बनेंगी बड़ी गौशालाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के बड़े शहरों में गौवंश के बेहतर प्रबंधन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ग्वालियर के लाल टिपारा में लगभग 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशाला संचालित है। इंदौर में भी लगभग 10 हजार गौवंश की क्षमता के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं। इसके बाद भोपाल और जबलपुर में भी 10-10 हजार गौवंश की क्षमता वाली गौशालाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पहले गौवंश के लिए पिंजरापोल और अन्य व्यवस्थाएं बनाई जाती थीं, लेकिन अब सरकार गौमाता के सम्मान, सेवा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बेहतर आवास, चिकित्सा और खान-पान की व्यवस्था कर रही है। कोई किसान या व्यक्ति किसी कारणवश यदि गौमाता का पालन नहीं कर पाता है तो सरकार उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगी।
संतों का मार्गदर्शन गौसेवा को देता है संवेदनशीलता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौमाता की सेवा में संत समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। गौशाला में बीमार, वृद्ध और चिकित्सा की आवश्यकता वाले गौवंश की देखभाल संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। सरकार व्यवस्थाएं उपलब्ध करा सकती है, लेकिन सेवा और करुणा का भाव संतों के मार्गदर्शन से मजबूत होता है। उन्होंने संत अच्युतानंद महाराज के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
महापुरुषों और जनजातीय नायकों की भूमि है महू
मुख्यमंत्री ने महू क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि भगवान परशुराम की तपोस्थली जानापाव, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली और जनजातीय नायक टंट्या मामा की गौरवगाथाओं से जुड़ी है। इन महान व्यक्तित्वों ने समाज को समानता, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि महू क्षेत्र को भगवान श्रीकृष्ण की सुदर्शन चक्र संबंधी गाथा का भी विशेष गौरव प्राप्त है।
सर्व सुविधा युक्त कामधेनु गौशाला एक नजर में
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामधेनु गौशाला में विकसित सुविधाओं का अवलोकन किया। लगभग 26.041 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस गौशाला में प्रारंभिक रूप से 550 गौवंश के साथ गौसेवा एवं संरक्षण की व्यवस्था शुरू की गई है। गौशाला की क्षमता 10 हजार गौमाता रहेगी। गौशाला के विकास पर लगभग 24 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिसमें से करीब 11 करोड़ रुपये के निर्माण एवं विकास कार्य दानदाताओं के सहयोग से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के अंतर्गत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने गोपालकों को किया पुरस्कृत और सम्मानित
मुख्यमंत्री ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत हुई प्रतियोगिता के चयनित उत्कृष्ट पशु पालकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। इंदौर जिले के चारों वृंदावन ग्रामों से चयनित कुल 12 गोपालकों को पुरस्कृत किया गया। इनमें बनेड़िया के बालाराम रामचंद्र को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, अमित सुरेश पटेल को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा राहुल हरिराम चौधरी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसी प्रकार वृंदावन ग्राम दतोदा के अलकेश छोटेलाल पटेल, रंगवासा के दिनेश नंदकिशोर तथा शिवनी के उदयसिंह बंशीलाल ठाकुर को भी प्रथम पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये दिये गये। संबंधित ग्रामों के द्वितीय स्थान प्राप्तकर्ता नारायण भीमा उज्जीवाल, धर्मेन्द्र बद्रीलाल एवं सचिन महेश चौधरी को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। इसी तरह तृतीय स्थान प्राप्तकर्ता धर्मेन्द्र लक्ष्मीनारायण गौड़, राहुल छगनलाल एवं समंदर राजाराम चौधरी को 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

