home page

शिवपुरीः 2500 करोड़ की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास 5 जुलाई को, प्रभारी मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

 | 
शिवपुरीः 2500 करोड़ की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास 5 जुलाई को, प्रभारी मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा


शिवपुरी, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 5 जुलाई को प्रस्तावित जिला शिवपुरी दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को पोलो ग्राउंड का निरीक्षण किया।

5 जुलाई को शिवपुरी के पोलो ग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करीब 2500 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना को जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अर्पित वर्मा के साथ तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए यातायात, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया से चर्चा कर प्रोटोकॉल के अनुरूप मजबूत सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर का भ्रमण कर नागरिकों को पीले चावल भेंट किए और 5 जुलाई के इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होकर विकास के साक्षी बनने का आमंत्रण दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा