मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों के जन्म पर जताई खुशी
- कूनो उद्यान के अधिकारी और कर्मचारी चीतों की बेहतर देखरेख के लिए बधाई के पात्र
भोपाल, 09 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों के जन्म पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि कूनो उद्यान के अधिकारी और कर्मचारी चीतों की बेहतर देखरेख के लिए बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को एक बयान में कहा कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान से एक और प्रसन्नता देने वाला समाचार मिला है। कूनो उद्यान में मादा चीता ज्वाला' ने पांच शावकों को जन्म दिया है। चीता परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है कि चीतों की पुनर्स्थापन के बाद 10वीं बार सफलतापूर्वक जन्म हुआ है। यह इस बात का प्रतीक है, यहां की जलवायु चीतों को रास आ गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मादा चीता ज्वाला के पांच शावकों के जन्म के साथ ही, भारत में चीतों की कुल संख्या 50 का आंकड़ा पार कर 53 हो गई है। चीता पुनर्स्थापन के कार्य वन्य जीव संरक्षण, प्रकृति और पर्यटन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण सिद्ध हुए हैं। मध्य प्रदेश की चीतों के लिए अनुकूल घर के रूप में विशेष पहचान बनी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वन्य जीव संरक्षण के लिए निश्चित ही यह एक गौरवपूर्ण क्षण है। भारत में चीतों की बेहतर देखरेख और उनके पुनर्वास के प्रयासों की सफलता के लिए कूनो राष्ट्रीय उद्यान और वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

