home page

एशियन गेम्स-2026 में भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन, मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई

 | 
एशियन गेम्स-2026 में भारत का स्वर्णिम प्रदर्शन, मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई


- क्रिकेट में पाकिस्तान और हॉकी में मलेशिया को हराकर भारत ने जीते स्वर्ण पदक

भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। एशियन गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और स्वर्णिम सफलता पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय पुरुष क्रिकेट और हॉकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने देश का गौरव बढ़ाया है और करोड़ों खेलप्रेमियों को गर्व से भर दिया है।

क्रिकेट में पाकिस्तान पर जीत

जापान में चल रहे एशियन गेम्स में शनिवार को पुरुष क्रिकेट स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को पराजित कर स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि टीम इंडिया ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को पटखनी दी और तिरंगे का मान बढ़ाया है। पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए विशेष उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि टीम के इस स्वर्णिम प्रदर्शन से देशभर के खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ेगा और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

भारत की ‘गोल्डन स्ट्राइक’ मलेशिया को हराकर जीता स्वर्ण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को पुरुष हॉकी स्पर्धा के फाइनल में मलेशिया को हराकर स्वर्ण पदक हासिल करने वाली भारतीय हॉकी टीम को भी हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों में भारत का दबदबा कायम रखा है। यह देश के लिए गौरव और ऐतिहासिक स्वर्णिम विजय का अवसर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का अथक परिश्रम, मजबूत टीम भावना और दृढ़ संकल्प देश के लिए प्रेरणादायी है। एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट और हॉकी टीम की स्वर्णिम सफलता ने एक बार फिर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर