home page

भविष्य में उज्जैन में भी तैयार होंगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी : मुख्यवमंत्री डॉ. यादव

 | 
भविष्य में उज्जैन में भी तैयार होंगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी : मुख्यवमंत्री डॉ. यादव


भविष्य में उज्जैन में भी तैयार होंगे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी : मुख्यवमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने नानाखेडा स्टेडियम में सिन्थेटिक हॉकी टर्फ व अन्य निर्माण कार्यों का किया भूमिपूजन

भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान महाकाल और श्री गोपाल कृष्ण की हम सभी पर विशेष कृपा है। उनके आशीर्वाद से आज उज्जैन और पूरे प्रदेश के खिलाडियों को सौगात मिलने जा रही है। स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स में निरंतर उज्जैन में विकास के कार्य हो रहे है। भविष्य में उज्जैन में भी राष्ट्रीय एवं अंतjjeष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी तैयार होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को उज्जैन में स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर नानाखेडा स्टेडियम परिसर में 48.71 करोड रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिन्थेटिक हॉकी टर्फ और पवेलियन दर्शक दीर्घा के निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं बल्कि शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास का सशक्त माध्यम है। खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।

उज्जैन खेलों का हब बनने की ओर है अग्रसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है एवं विभिन्न जिलों में नए स्टेडियम, खेल परिसर एवं प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उक्त निर्माण कार्य से उज्जैन धीरे-धीरे खेलों का हब बनने की ओर अग्रसर है एवं भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर नानाखेडा स्टेडियम को देखकर विदेशों में स्थित सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का स्मरण होता है। क्षीर सागर स्टेडियम में देश के अन्य शहरों के हॉकी खिलाडी आकर प्रदर्शन करते थे। अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुसार यहां हॉकी सिन्थेटिक टर्फ की आवश्यकता थी जो निकट भविष्य में शीघ्र ही पूर्ण होने जा रही है।

प्रयास करेंगे कि 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के मैच हो उज्जैन में

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि वर्ष 2030 में आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में इस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच का आयोजन करवाया जाए। हम सभी ने यह संकल्प लिया था कि प्रतिभाशाली खिलाडियों को उनके हुनर के प्रदर्शन के लिए सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम बनाकर दिया जाए। हॉकी पेवेलियन, एथलेटिक्स पेवेलियन, हॉकी फील्ड के निर्माण साथ-साथ नानाखेडा स्टेडियम परिसर में सड़क निर्माण, पार्किंग, कंपाउंड वॉल इत्यादि कार्य भी सम्मिलित होंगे।

उज्जैन को खेल मैदानों की सौगाते मिल रही है। इसमें सबसे पहले खेल मैदान हेतु 8.71 हेक्टयर (21.77 एकड़) भूमि खेल विभाग एवं खिलाड़ियों की दिलवाई गई। उसके बाद एथलेटिक सिंथेटिक्स ट्रैक जो 7.22 करोड़, लॉब टेनिस सिन्थेटिक मैदान एवं ग्रास से निर्मित फुटबॉल मैदान, राशि 11.43 करोड़ से निर्मित स्व. राजमाता सिंधिया बहुउद्देशीय खेल परिसर जिसमें आधुनिक रूप से निर्मित शूटिंग रेंज, बेडमिंटन हॉल, मल्लखंब, जिम्नेशियम हॉल जिसमें 1.50 करोड़ के उपकरण की सौगात शहरवासियों को दी गयी हैं।

प्रदेश में 18 खेलों की 11 खेल अकादमियाँ स्थापित की गई हैं। इसी का परिणाम है कि जहां पूर्व वर्षों में एशियन गेम्स और ओलंपिक गेम्स में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी मात्र सहभागिता कर पाते थे, किन्तु वर्तमान में हमारे खिलाड़ी न केवल एशियन गेम्स बल्कि ओलंपिक गेम्स में भी पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। उज्जैन से निकलने वाले खिलाडी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हासामपुरा में भी स्टेडियम बनकर तैयार होगा। यहां कनेक्टिविटी के लिए फोर लेन मार्ग भी बनाए जा रहे है जिससे गांव-गांव के प्रतिभाशाली खिलाडियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। वर्तमान में नजरअली कंपाउंड में बनाए गए स्वीमिंग पूल और अन्य प्रमुख स्वीमिंग पूल के रख-रखाव के लिए खेल विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी को नए सिन्थेटिक टर्फ की बधाई दी। साथ ही सभी को रंगपंचमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी मिलकर हर्षोल्लास और आनंद के साथ पर्व मनाए।

कार्यक्रम को क्षेत्रीय सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज और पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर