home page

साधना सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री 21 अप्रैल को सिविल सर्विस डे पर उच्च शिक्षा विभाग को करेंगे पुरस्कृत

 | 
साधना सप्ताह में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री 21 अप्रैल को सिविल सर्विस डे पर उच्च शिक्षा विभाग को करेंगे पुरस्कृत


- आईगाट पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने पर राष्ट्रीय स्तर पर मिला तीसरा और प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान

भोपाल, 18 अप्रैल (हि.स.) । साधना सप्ताह में मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विभाग ने आईगाट पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा एवं प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। विभाग की इस उपलब्धि पर अब 21 अप्रैल को सिविल सर्विस डे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सम्मानित किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा राजन पुरस्कार ग्रहण करेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने शनिवार को बताया कि भारत सरकार द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों में ज्ञान, कौशल और क्षमता विकास को लेकर मिशन कर्मयोगी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत देश के सभी राज्य, केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी के तहत 2 अप्रैल से 10 अप्रैल तक (राष्ट्रीय सीखे सप्ताह) का आयोजन किया गया। इस दौरान आईगाट पोर्टल पर अधिकतम पाठ्यक्रम पूर्ण करने के मामले में मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह साधना सप्ताह अंतर्गत राज्य स्तर पर उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 10 हजार से अधिक लोकसेवकों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।

अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा विभाग राजन ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा एवं प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने पर विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों, कर्मचारियों की लगन, मेहनत एवं समर्पण भाव से किए गए कार्य की वजह से विभाग ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत