home page

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दीं गणेश चतुर्थी और तीज पर्व की शुभकामनाएं

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को दीं गणेश चतुर्थी और तीज पर्व की शुभकामनाएं


भोपाल, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणेश चतुर्थी और तीज के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने दोनों पर्वों के मौके पर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि-खुशहाली एवं सबके मंगलमय जीवन की कामना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य और विघ्नहर्ता हैं। उनकी आराधना से जीवन में सुख, समृद्धि और शुभता का संचार होता है। वहीं, तीज पर्व माताओं-बहनों के सौभाग्य की वृद्धि कर उनके जीवन को सुखमय बनाता है।

उपमुख्यमंत्री देवड़ा और शुक्ल ने भी दी गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएँ

वहीं, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्ल ने भी प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी पर्व पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने इस पावन अवसर पर भगवान श्री गणेश से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। उनकी आराधना हमें बुद्धि, विवेक, संयम और सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक है और समाज में एकता, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेश चतुर्थी का पर्व हमें श्रद्धा, भक्ति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि गणेशोत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा सामाजिक सद्भाव का विशेष ध्यान रखें। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कामना की कि भगवान श्री गणेश की कृपा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य का संचार हो तथा मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर