home page

मप्रः मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या के प्रकरण में एसआईटी गठित करने के दिए निर्देश

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या के प्रकरण में एसआईटी गठित करने के दिए निर्देश


- मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मप्र आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन ने की भेंट

भोपाल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए हैं। प्रकरण की जांच भोपाल पुलिस द्वारा की जा रही है।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बुधवार की शाम समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास में मध्य प्रदेश आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भेंट कर एक ज्ञापन पत्र सौंपा, जिसमें आग्रह किया कि गत 30 सितंबर को भोपाल में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या की निष्पक्ष, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच की जाए। ज्ञापन पत्र में उल्लेख किया गया है कि इस घटना से संपूर्ण प्रशासनिक समुदाय और समाज में गहरी चिंता व्याप्त है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट करने वालों में संगठन के अध्यक्ष अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, आईएएस वीएस चौधरी कोलसानी आदि उपस्थित थे।।

एसआईटी गठित करने का निर्देश जारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मध्य प्रदेश आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के बाद सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल के प्रकरण में विशेष जांच दल गठित करने का आदेश जारी किया गया है।

भोपाल पुलिस आयुक्त कार्यालय पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार. विशेष जांच दल के अध्यक्ष उमेश तिवारी समनि, पुलिस मुख्यालय, भोपाल होंगे। जांच दल के सदस्यों में चन्द्रभान सिंह चढार, सपुआ, अपराध शाखा, भोपाल, पारस सोनी, उपनिरीक्षक अपराध शाखा, भोपाल, ओपी रघुवंशी उप निरीक्षक, थाना रातीबड़, भोपाल और आरक्षक निलेश वर्मा, टेक्निकल सेल, अपराध शाखा भोपाल शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर