मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई
भोपाल, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की बधाई एवं मंगलकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हो रहे विविध कार्यक्रमों के लिए प्रदर्शित उमंग, उत्साह पर भी हर्ष व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने बधाई संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन अनेक कष्टों और संघर्षों से भरा रहा, लेकिन वे अपने कर्तव्य से विमुख नहीं हुए। उनका जीवन हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी है। भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत के भीषण युद्ध के बीच कर्मवाद के सिद्धांत द्वारा बताया कि चाहे कैसी भी विकट परिस्थिति हो, हमें बुद्धि और धैर्य का परिचय देते हुए सदैव कर्म और धर्म के सद्मार्ग पर अडिग रहना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

