home page

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

 | 
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की बधाई


भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्म दिवस पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस पर भारत को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प में प्रदेश के नागरिकों को सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर अपने बधाई संदेश में कहा कि 17 सितम्बर भारतवासियों के प्रिय, लोकप्रिय जननेता, प्रधानमंत्री मोदी का जन्म दिन है। यह अवसर सिर्फ उन्हें शुभकामनाएं देने का ही नहीं है बल्कि यह मोदी द्वारा 25 वर्ष जन सेवा यात्रा को नमन करने का अवसर भी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 25 वर्ष में श्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में अतुलनीय कार्य किया है। इस अवधि में भारत की अर्थव्यवस्था के साथ आत्मविश्वास बदला है। भारत आतंकवाद और नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। आज दुनिया के बड़े-बड़े देश भारत की ओर बड़ी उम्मीद और विश्वास से देख रहे हैं। अनेक देश मोदी को अपने देश का सर्वोच्च सम्मान दे चुके हैं। हमारे देश की तकनीक, डिजिटल व्यवस्था, आर्थिक विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के मॉडल को दूसरे देश समझ रहे हैं और सीख भी रहे हैं। आज प्रधानमंत्री मोदी के विकास के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के ज्ञान मंत्र पर भारत आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक परियोजनाओं का उपहार दिया है। इनमें धार जिले में पीएम मित्र पार्क, ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्यूफैक्चरिंग जोन, शिवपुरी में डिफेन्स एंड एयरोस्पेस का विशाल संयंत्र और भोपाल के पास रायसेन जिले में आधुनिक रेल कोच फैक्ट्री शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर