home page

मप्रः मुख्यमंत्री ने सागर में युवकों के डूबने की घटना पर दुख जताया, 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री ने सागर में युवकों के डूबने की घटना पर दुख जताया, 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान


भोपाल, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के थाना बहेरिया के अंतर्गत ग्राम गुडा में युवकों के तालाब (क्रेशर खदान) में डूबने की दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार देर शाम सोशल मीडिया एक्स पर दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजन को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

दरअसल, शुक्रवार दोपहर बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ा के पास बनी क्रेशर की खदान में 7 दोस्त नहाने पहुंचे थे। नहाते समय जब तनीश कोरी नाम का युवक डूबने लगा तो उसका दोस्त अभिषेक बचाने पहुंचा। उसके पीछे तेजराम भी गया और फिर तीनों डूब गए। दुर्घटना में डूबे तीन युवकों में से एक युवक का शव निकाल लिया गया है। करीब नौ घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी दो लोगों का पता नहीं चल सका है। उनकी तलाश राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (एसडीईआरएफ) की टीम कर रही है।

मृतक की पहचान अभिषेक उर्फ अध्धा (20) निवासी कैंट क्षेत्र के रूप में हुई है। उसके दो साथी तनिश कोरी (19) और तेजराम पटेल (20) का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। टीम उनकी सर्चिंग कर रही है।

मौके पर मौजूद शिवा वाल्मिकी ने बताया कि हम सभी दोस्त यहां नहाने के लिए आए थे। सभी ने नहाया। तनीश भाई अंदर था, थोड़ी ही देर बाद वह गहराई में डूबने लगा। उसको बचाने के लिए अभिषेक भाई पहुंचे। उनके पीछे तेजराम भी गया तो उसको पकड़ लिया। आयुष भी उसको बचाने गया तो हमने उसे पकड़ लिया। पैंट की मदद से बाहर निकाला। बाकी हम सब लोगों को बुलाने गए तो वो तीनों पानी में ही चले गए।

तहसीलदार राहुल गौंड ने बताया कि दोस्त नहाने यहां आए थे। इनमें से तीन डूब गए। एक का शव मिला है। बाकी की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर