home page

मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज स्व-सहायता समूहों को वितरित करेंगे 300 करोड़ रुपये के ऋण

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज स्व-सहायता समूहों को वितरित करेंगे 300 करोड़ रुपये के ऋण


- झाबुआ को देंगे विकास कार्यों की सौगात, प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नत किसानों से करेंगे संवाद

भोपाल, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को झाबुआ जिले के थांदला में शासकीय महाविद्यालय ग्राउंड में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्व-सहायता समूहों का क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 300 करोड़ रुपये के ऋण का वितरण करेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नत किसानों से संवाद भी करेंगे, साथ ही 174.64 करोड़ रुपये के 29 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 109.17 करोड़ रुपये के 28 विकास एवं आधारभूत संरचना कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरण करेंगे और मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती करने वाले उन्नत कृषकों से संवाद के दौरान उनके अनुभव जानेंगे तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों पर चर्चा भी करेंगे। साथ ही जिले के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के 215 स्व-सहायता समूहों को 10.8 करोड़ का ऋण वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आजीविका मेला'' प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर