home page

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दी बधाई

 | 
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर दी बधाई


भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को एशियन गेम्स-2026 के तीरंदाजी रिकर्व महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली कुमकुम अनिल मोहोद को बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुमकुम की यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश की बेटियों के सामर्थ्य और भारतीय तीरंदाजी की नई ऊंचाइयों का प्रेरणादायी उदाहरण है।

भारत की बेटी ने रचा, गोल्फ के मैदान पर स्वर्णिम इतिहास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स-2026 के महिलाओं के व्यक्तिगत गोल्फ इवेंट में भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने वाली प्रणवी शरथ उर्स को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रणवी के उत्कृष्ट खेल, धैर्य और दृढ़ संकल्प ने भारतीय गोल्फ क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

अमन का स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स-2026 में पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय पहलवान अमन श्रीवास्तव को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अमन ने दांव-पेंच और दमखम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत कर भारत को गौरवान्वित किया है।

महिला टीम गोल्फ इवेंट सिल्वर पदक जीतने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स -2026 की महिला टीम गोल्फ स्पर्धा में सिल्वर मेडल प्राप्त करने पर अदिति अशोक, प्रणवी शरथ उर्स और दीक्षा डागर को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिला गोल्फ टीम के समर्पण, अथक परिश्रम और दृढ़ संकल्प ने भारतवासियों का मान बढ़ाया है।

नीरज चौहान को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स -2026 के रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर नीरज चौहान को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीरज चौहान की यह उपलब्धि देश का गौरव बढ़ाने वाली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर