home page

इंदौरः मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर पथराव में घायल भाजपा नेता बिंदु चौहान से मुलाकात कर जाना स्वास्थ्य का हाल

 | 
इंदौरः मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर पथराव में घायल भाजपा नेता बिंदु चौहान से मुलाकात कर जाना स्वास्थ्य का हाल


भोपाल, 22 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर स्थित सीएचएल हॉस्पिटल पहुँचे, जहाँ उन्होंने एक दिन पहले भाजयुमो के प्रदर्शन के दौरान घायल हुई भाजपा नेत्री बिंदु चौहान से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के संबंध में चर्चा की और बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बिंदु चौहान के परिजन से भी भेंट कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

गौरतलब है कि नई दिल्ली में एआई समिट विरोध में कांग्रेस के अर्द्धनग्न प्रदर्शन के खिलाफ शनिवार को भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता इंदौर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। इस पथराव में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बिंदु चौहान बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद उन्हें इंदौर के सीएचएल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर