home page

बंगाल के रुझानों पर मप्र के मुख्यमंत्री बोले- यह अहंकारियों की पराजय और राष्ट्रवाद की जीत है

 | 
बंगाल के रुझानों पर मप्र के मुख्यमंत्री बोले- यह अहंकारियों की पराजय और राष्ट्रवाद की जीत है


ग्वालियर, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की बढ़त को लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि होली, दिवाली जैसे त्योहारों की तरह आज आनंद का माहौल है। यह अहंकारियों की पराजय और राष्ट्रवाद की जीत है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को पांच राज्यों के चुनावी रुझानों के बीच ग्वालियर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करने हुए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा कि वहां घुसपैठियों और देशविरोधी ताकतों के साथ खड़े रहने के कारण जनता ने ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर अविश्वास जताया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की दिग्विजय यात्रा बताते हुए बंगाल में जीत पर बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भाषा लोकतंत्र के पावन मंदिर को भी प्रभावित करती है और अराजक तत्वों को बढ़ावा देती है। यह परिणाम लोकतंत्र की जीत और देशविरोधी ताकतों की हार को दर्शाता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने ग्वालियर के शिवपुरी लिंक रोड से शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला में आवासीय ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमिपूजन करने पहुंचे। उनके साथ प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, जयभान सिंह पवैया, संत कृपाल सिंह, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, अनूप मिश्रा, सांसद भारत सिंह कुशवाह और भाजपा व आरएसएस के कई नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। मध्यभारत शिक्षा समिति द्वारा 55 बीघा भूमि पर करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर