home page

बालाघाटः टक्कर मारने के बाद कार को 70 मीटर घसीट ले गई आबकारी विभाग की बोलेरो, चालक की मौत

 | 
बालाघाटः टक्कर मारने के बाद कार को 70 मीटर घसीट ले गई आबकारी विभाग की बोलेरो, चालक की मौत


बालाघाट, 19 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह लगभग सवा पांच बजे आबकारी विभाग के तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने आगे चल रही एक कार को टक्कर मार दी और उसे करीब 70 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में सरकारी वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार एक मासूम सहित परिवार के तीन लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, हादसा वारासिवनी के सांदीपनि विद्यालय (सीएम राइज स्कूल) के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि मलाजखंड निवासी धर्मवीर गौतम (37) अपनी पत्नी मेघा और तीन वर्षीय बेटे रुद्रांश के साथ कार से वर्धा जा रहे थे। स्कूल के पास स्थित ब्रेकर पर धर्मवीर ने जैसे ही अपनी कार धीमी की, पीछे से आ रहे आबकारी विभाग के बोलेरो वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि आबकारी वाहन कार को घसीटते हुए आगे ले गया और फिर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आबकारी वाहन के चालक जितेन्द्र बावने (24) स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। वहीं, कार में सवार गौतम परिवार के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं था कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद वे सुरक्षित रहे। धर्मवीर और उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, उनके तीन साल के बेटे रुद्रांश की कमर में चोट लगी है। तीनों का इलाज वारासिवनी के अस्पताल में किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी थाना प्रभारी पवन यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक चालक का शव वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी यादव ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव जितेंद्र के स्वजनों को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर