home page

मप्रः मुख्यमंत्री आज हरसूद में रानी दुर्गावती के जन्मोत्सव और सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में होंगे शामिल

 | 
मप्रः मुख्यमंत्री आज हरसूद में रानी दुर्गावती के जन्मोत्सव और सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में होंगे शामिल


- विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण और तेंदूपत्ता कार्डधारियों को बोनस राशि का करेंगे अंतरण

इंदौर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (सोमवार) खण्डवा जिले के हरसूद (छनेरा) के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां रानी दुर्गावती के जन्मोत्सव और सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे और 52 गढो के राजवंशों के वंशजों का सम्मान करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 12:30 बजे छनेरा हरसूद पहुंचे और यहां संत बुखारदास बाबा आश्रम से कार्यक्रम स्थल तक आयोजित शोभायात्रा में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा 52 गढो के राजवंशों के वंशजों का सम्मान किया जाएगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तेंदूपत्ता बोनस एवं काष्ठ लाभांश राशि का वितरण, स्कूटी वितरण एवं अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उईके तथा प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम पश्चात दोपहर 2:50 बजे हरसूद हेलीपैड से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 142.88 करोड़ रूपये की लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन/लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 हेतू 26206 तेंदूपत्ता कार्डधारियों को 13 करोड़ से अधिक राशि तथा सीजन 2024 के 32846 तेंदूपत्ता कार्डधारियों को लगभग 4 करोड़ 55 लाख रुपये का भुगतान किया जायेगा। साथ ही वर्ष 2025-26 में विदोहित कूपों से प्राप्त काष्ठ से प्राप्त कुल राजस्व का 20 प्रतिशत राजस्व लगभग 4.58 करोड़ रूपये वन सुरक्षा समितियों को वितरित की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर