home page

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे

 | 
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे


भोपाल, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक 11 जून को नई दिल्ली में होने जा रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अति महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए बुधवार को नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी घनश्याम सिरसाम ने जानकारी दी कि नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक का विषय '2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास' रखा गया है। इस बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री और उप राज्यपाल एक साथ मिलकर समावेशी मानव विकास प्रारूप पर चर्चा करेंगे। बैठक मुख्यत: 'मूलभूत मानव पूंजी और भविष्य के लिए तैयार कौशल', 'उत्पादक रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास', 'स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण' एवं 'सभी के लिए समानता और गरिमा' से जुड़े विषयों पर केन्द्रित रहेगी।

उन्होंने बताया कि बैठक में देश भर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल विकास को बढ़ाने और स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल/प्रशासक, केंद्रीय मंत्री पदेन सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में और नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और मुख्य कार्यकारी अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर