home page

कृषि उत्पादों में देश का फूड बास्केट है मध्य प्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
कृषि उत्पादों में देश का फूड बास्केट है मध्य प्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी बसंत और रंगों के पर्व होली की मंगलकामनाएं

भोपाल, 02 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश दलहन-तिलहन सहित सभी कृषि उत्पादों में एक प्रकार से देश का फूड बास्केट है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश कृषि और उससे जुड़े सभी क्षेत्रों में निरंतर उन्नति करे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को एक बयान में प्रदेशवासियों को होली पर्व की मंगलकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना की कि बसंत और रंगों का यह उत्सव सभी के लिए शुभ और कल्याणकारी हो। आज भगोरिया पर्व का भी आखिरी भगोरिया है। राज्य सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। पर्व के समय जनजातीय भाई बहनों के साथ रहने और लोक संस्कृति के सम्मान के प्रकटीकरण के लिये पहली कृषि कैबिनेट बड़वानी में आज आयोजित की गई है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों सहित युवा, महिला, गरीब, सभी के कल्याण के लिए गतिविधियां संचालित हैं। राज्य सरकार ने किसान कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। फसल की सही कीमत सुनिश्चित करने के लिए भावांतर योजना में अब सरसों को भी शामिल किया जा रहा है। उड़द प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत अब किसानों को उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा।

परीक्षा के समय में तनावमुक्त रहें विद्यार्थी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए परीक्षा का समय है, जो उनके लिए विशेष महत्व का है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों से तनावमुक्त रहते हुए और स्वयं का ध्यान रखते हुए होली पर्व का आनंद लेने और परीक्षा सहित अपने सभी कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

मध्य पूर्व की वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति में राज्य सरकार, वहां रह रहे प्रदेश के परिवारों के साथ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यपूर्व की वर्तमान क्षेत्रीय स्थिति के संबंध में कहा कि प्रदेश के कई नागरिक इन देशों में हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारा प्रयास है कि किसी भी नागरिक को कष्ट नहीं हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बतया कि उन्होंने मध्यपूर्व के देशों में रह रहे प्रदेश के कई परिवारों से दूरभाष पर बात की है। राज्य सरकार इन परिवारों के साथ है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होलिका दहन की दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को होलिका दहन की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक इस पवित्र अग्नि में नकारात्मक तत्वों को समर्पित कर जीवन में मंगल और शुभता का वरदान मांगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश और समाज के प्रति अपने योगदान की संपूर्णता का संकल्प लेने का प्रदेशवासियों से आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर