home page

क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्य प्रदेश नेटवर्क की गोलमेज बैठक शुक्रवार को भोपाल में

 | 
क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्य प्रदेश नेटवर्क की गोलमेज बैठक शुक्रवार को भोपाल में


- सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये विधानसभा-स्तरीय रोडमैप पर होगी व्यापक चर्चा

भोपाल, 26 फरवरी (हि.स.)। क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्य प्रदेश नेटवर्क द्वारा सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन (सीजीईजेड) के क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार, 27 फरवरी को सायं 7:00 से 9:00 बजे तक ताज लेकफ्रंट, भोपाल में गोलमेज बैठक आयोजित की जा रही है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला इस बैठक में शामिल होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि राज्य एवं देश के जलवायु लक्ष्यों की प्राप्ति, ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने और स्थानीय स्तर पर स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन की अवधारणा विकसित की गई है। सीजीईजेड का उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समुदाय-आधारित, विकेन्द्रीकृत एवं सतत ऊर्जा समाधानों को लागू करना है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ, रोजगार सृजन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके और हरित, आत्मनिर्भर एवं जलवायु-उत्तरदायी क्षेत्रों का विकास हो।

उन्होंने बताया कि जाम्बिया में प्रेसिडेंशियल सोलर कन्स्टिट्युएंसी (पीएससीआई) जैसी पहल की घोषणा हाल ही की गई है, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सौर ऊर्जा विस्तार का मॉडल प्रस्तुत किया गया है। इसी प्रकार मध्यप्रदेश में भी विधायकों की सहभागिता से सीजीईजेड के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये सहभागी रोडमैप तैयार किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, गोलमेज बैठक मध्य प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, स्थानीय आत्मनिर्भरता एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस बैठक में विधायकगण, विभागीय अधिकारी, ऊर्जा विशेषज्ञ एवं नीति-निर्माता भाग लेंगे। बैठक में जाम्बिया की पीएससीआई पहल पर वीडियो प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से सीजीईजेड मॉडल राज्य में हरित विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर