home page

मप्र के छिंदवाड़ा में पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड अधिकारी के ठिकाने पर ईओडब्ल्यू का छापा

 | 
मप्र के छिंदवाड़ा में पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड अधिकारी के ठिकाने पर ईओडब्ल्यू का छापा


छिंदवाड़ा, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। परासिया रोड स्थित वंदना लॉन में ईओडब्ल्यू की टीम ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के रिटायर्ड अधिकारी महेंद्र नागवंशी से जुड़े ठिकाने पर दबिश दी। तड़के बड़ी संख्या में पहुंचे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचते ही पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय बनाए रखने के लिए टीम ने लॉन का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया। परिसर में बने मकान और अन्य हिस्सों में बारीकी से जांच की जा रही है। किसी भी बाहरी व्यक्ति या मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही, जिससे साफ है कि जांच बेहद संवेदनशील है और हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है, जिसमें महेंद्र नागवंशी की चल-अचल संपत्तियों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने अभी तक मामले में ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया है। उन्होंने केवल छापेमारी की पुष्टि की है और कहा है कि पूरी कार्रवाई खत्म होने के बाद ही आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी दी जाएगी। फिलहाल इतना ही सामने आ सका है कि अब तक की जांच में कई अहम दस्तावेज और संभावित सबूत मिले हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी