छठ महापर्वः आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे हजारों व्रती, इंदौर में 150 स्थानों पर होगी पूजा
इंदौर, 15 नवंबर (हि.स.)। लोकआस्था, प्रकृति उपासना और सामाजिक समरसता के महापर्व छठ पर आज रविवार को मध्य प्रदेश में भी श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम को हजारों छठ व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे।
राजधानी भोपाल, इंदौर समेत प्रदेशभर में बनाए गए छठ पूजा स्थलों पर व्रती परिवार सहित पहुंचेंगे। जलाशयों और अस्थायी छठ घाटों पर कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की जाएगी। बांस के सूप और दउरा में सजे फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया जाएगा। छठ गीतों और भक्ति संगीत से घाटों का वातावरण भक्तिमय रहेगा। इंदौर शहर में पूजन का यह आयोजन 150 से अधिक स्थानों पर होगा।
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने बताया कि छठ महापर्व की सबसे विशिष्ट परंपरा यह है कि इसमें अस्त होते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। रविवार शाम का संध्या अर्घ्य जहां दिनभर की उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। वहीं सोमवार तड़के दिया जाने वाला उषा अर्घ्य नए सवेरे, ऊर्जा और जीवन की निरंतरता का संदेश देता है। दोनों अर्घ्यों के बीच व्रती पूरी श्रद्धा और संकल्प के साथ लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखते हैं।
खरना के प्रसाद के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत
इससे पहले महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना पूजा पूरी श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुई। सुबह से ही व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई कर स्नान-ध्यान के बाद भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। दिनभर उपवास रखने के बाद सूर्यास्त के पश्चात नए चूल्हे पर पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया गया। खरना के प्रसाद में गन्ने के रस अथवा दूध में तैयार चावल की खीर, घी लगी रोटी और चावल का पिठ्ठा प्रमुख रूप से शामिल रहे। कुछ परिवारों में गुड़ की खीर भी बनाई गई। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने पहले प्रसाद ग्रहण किया और फिर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों तथा अन्य लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। इस दौरान वे अन्न और जल दोनों का त्याग कर संध्या अर्घ्य तथा अगले दिन के उषा अर्घ्य तक व्रत का पालन करते हैं।
सोमवार तड़के उगते सूर्य को देंगे दूसरा अर्घ्य
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को तड़के व्रती पुनः छठ घाटों पर पहुंचेंगे। सूर्योदय के समय उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना कर व्रती पारण करेंगे। इसी के साथ लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास समाप्त होगा और चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो जाएगा। घाटों पर प्रसाद वितरण के साथ परिवारों और श्रद्धालुओं के बीच पर्व की खुशियां साझा की जाएंगी।
इंदौर में 10 परिवारों से 150 से अधिक आयोजन स्थलों तक पहुंचा छठ का सफर
इंदौर में छठ महापर्व का स्वरूप पिछले तीन दशकों में उल्लेखनीय रूप से विस्तृत हुआ है। यहां 1990 के दशक में स्कीम नंबर 54, विजय नगर के एक कच्चे घाट पर लगभग 10 परिवारों ने मिलकर छठ पूजा की शुरुआत की थी। आज बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड मूल के हजारों परिवार इस पर्व से जुड़े हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 150 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन होना इस विस्तार की गवाही देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

