home page

मप्रः रविवार को दो सत्रों में होगी सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा

 | 
मप्रः रविवार को दो सत्रों में होगी सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा


- इंदौर के 6 केन्द्रों पर 2398 परीक्षार्थी शामिल होंगे, परीक्षार्थियों का मोबाईल ऐप के माध्यम से होगा फेस अथन्टीकेशन

इंदौर, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा - 2026 रविवार, 19 जुलाई को दो सत्रों में संपन्न होगी। इंदौर के परीक्षा 6 केन्द्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 2 हजार 398 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

यह जानकारी शुक्रवार को इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में शुक्रवार को परीक्षा को लेकर हुई समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में बताया गया कि उक्त परीक्षा के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक बनाया गया है एवं उपायुक्त (राजस्व) सपना लोवंशी को परीक्षा प्रभारी बनाया गया है। बैठक में संघ लोक सेवा आयोग दिल्ली के पर्यवेक्षक जितेन्द्र शर्मा, पोस्ट मास्टर जनरल अजय बाफना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, प्राध्यापक डॉ. डीके गुप्ता, बिजली विभाग के अधिकारी अनुज गुप्ता, स्थानीय निरीक्षण अधिकारी, केन्द्राध्यक्ष, पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में परीक्षा प्रभारी सपना लोवंशी ने बताया कि सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा 19 जुलाई को दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक रहेगा। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व प्रवेश द्वार आधे घंटे पूर्व बंद हो जाएंगे, परीक्षार्थी केन्द्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुँचे। परीक्षा में परीक्षार्थियों का मोबाइल ऐप के माध्यम से फेस अथन्टीकेशन होगा। परीक्षा केन्द्रों पर मोबाईल, डिजीटल स्मार्ट वॉच एवं अन्य डिजीटल उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में ब्लेक बॉल पाइंट पेन, पेंसिल, स्वयं का फोटो एवं एडमिट कार्ड परीक्षा हॉल में ले जा सकेंगे। परीक्षा प्रभारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी परीक्षा केन्द्रों पर सतत विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पेयजल, बुनियादी सुविधाओं आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर