जनगणना-2027: ग्वालियर जिले में स्व-गणना 16 अप्रैल से, प्रगणकों-सुपरवाइजर्स का प्रशिक्षण शुरू
- पहली बार स्व-गणना, 34 बिंदुओं में स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने की सुविधा
ग्वालियर, 15 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में भी विश्व के सबसे बड़े प्रशासनिक कार्यों में शामिल भारत की जनगणना की तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के तहत जारी हैं। ग्वालियर जिले के नागरिकों को स्व-गणना का अवसर मिला है। एसई वेब पोर्टल (http://se.census.gov.in) के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में कोई भी व्यक्ति जनगणना संबंधी 34 बिंदुओं में अपनी जानकारी स्वयं भर सकता है।
ग्वालियर जिले में गुरुवार, 16 अप्रैल से स्व-गणना शुरू होगी। जिले में चल रहीं जनगणना की तैयारियों के सिलसिले में बुधवार से प्रगणकों एवं सुपरवाइजर का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। तीन चरणों में सभी प्रगणकों व सुपरवाइजर का प्रशिक्षण पूर्ण होगा।
बुधवार को ग्वालियर नगर निगम क्षेत्र के प्रगणकों और सुपरवाइजर का प्रथम चरण प्रशिक्षण आईआईटीटीएम व शिक्षानगर स्कूल में शुरू हुआ। इसी तरह डबरा के आईआईपीएस स्कूल, चीनोर में ज्ञान सरोवर स्कूल एवं भितरवार के मॉडल स्कूल सहित जिले में अन्य स्थानों पर यह प्रशिक्षण शुरू हुआ। मास्टर ट्रेनर एसबी ओझा ने बताया कि प्रथम चरण का प्रशिक्षण 15 से 17 अप्रैल, द्वितीय चरण में 19 से 21 अप्रैल एवं तृतीय चरण में 23 से 25 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया जायेगा। इन तीनों चरण के माध्यम से शतप्रतिशत प्रगणक व सुपरवाइजर प्रशिक्षित होंगे।
बेझिझक दें सही-सही जानकारी, पूरी गोपनीयता रहेगी और साक्ष्य के रूप में मान्य नहीं होगी
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से भी अपील की कि जनगणना के लिये आने वाले प्रगणकों को बेझिझक सही-सही जानकारी दें। आपके द्वारा दी गई जानकारी पूर्णत: गोपनीय रहेगी। साथ ही ऐसा स्पष्ट प्रावधान है कि आपके द्वारा दी गई जानकारी का उपयोग साक्ष्य के रूप में स्वीकार नहीं होगा। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना के आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिये आधार बनते हैं।
जिले में लगभग 6 हजार अधिकारी-कर्मचारी करेंगे जनगणना
ग्वालियर जिले में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान के नेतृत्व में लगभग 6 हजार अधिकारी-कर्मचारी जनगणना-2027 के कार्य को अंजाम देंगे। इनमें लगभग 5 हजार प्रगणक व 829 पर्यवेक्षक, 41 चार्ज अधिकारी, 42 फील्ड ट्रेनर्स, 4 मास्टर ट्रेनर्स व 9 जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। शहरी क्षेत्र में नगर निगम आयुक्त प्रमुख जनगणना अधिकारी का दायित्व निभायेंगे। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायत के सीईओ यह जिम्मेदारी निभायेंगे। प्रथम चरण में प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य करेंगे। साथ ही लोगों द्वारा स्वत: ही मोबाइल एप पर 34 बिंदुओं में भरी गई जानकारी की जांच कर सत्यापन भी करेंगे। ज्ञात हो जनगणना – 2027 के लिये ग्वालियर जिले में जिन्हें प्रशासनिक इकाई माना गया है, उनमें 10 तहसील, 10 नगर व 589 गाँव शामिल हैं।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिले में भी दो चरणों में जनगणना होगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) कार्य मध्यप्रदेश में 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जायेगा। इस चरण का उद्देश्य द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के लिये मास्टर फ्रेम तैयार करना है। जनगणना के द्वितीय चरण का काम फरवरी 2027 में होगा। देश के बर्फीले क्षेत्रों में सितम्बर 2026 में द्वितीय चरण की गणना होगी।
प्रगणक करेंगे डाटा संग्रहण और डाटा की बहुस्तरीय जाँच होगी
जनगणना कार्यक्रम के तहत प्रगणक घर-घर जाकर “Census 2027-HLO” मोबाइल एप का उपयोग कर डिजिटल डाटा संग्रह करेंगे। साथ ही लोगों द्वारा पोर्टल पर स्व-गणना के तहत भरी गई जानकारी का सत्यापन भी करेंगे। दोनों तरह से प्राप्त डाटा की बहुस्तरीय जाँच होगी। पहले यह कार्य पर्यवेक्षकों द्वारा किया जायेगा। साथ ही चार्ज अधिकारी भी मैदान में जाकर पुन: सत्यापन कर त्रुटियां ठीक करायेंगे। ग्राम व नगर रजिस्टर का प्रारूप व विषय वस्तु, ग्रामीण व नगरीय चार्ज रजिस्टर, प्रगणक, पर्यवेक्षकों व चार्ज अधिकारियों के कार्य, पर्यवेक्षण व कानूनी शक्तियां इत्यादि के बारे में भी जानकारी दी।
प्रत्येक प्रगणक व पर्यवेक्षक को मानदेय के रूप में मिलेंगे 25 – 25 हजार रुपए
जनगणना-2027 का कार्य करने वाले प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा आकर्षक मानदेय प्रदान किया जायेगा। प्रत्येक प्रगणक व पर्यवेक्षक को दोनों चरणों में जनगणना से संबंधित कार्य के लिये कुल मिलाकर 25 – 25 हजार रुपए मानदेय के रूप में प्रदान किए जायेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

